हल्द्वानी: कनिष्ठ सहायक परीक्षा में हुआ भ्रष्टाचार - सुमित हृदयेश

हल्द्वानी: कनिष्ठ सहायक परीक्षा में हुआ भ्रष्टाचार - सुमित हृदयेश

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कनिष्ठ सहायक लिखित परीक्षा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ विशेष छात्रों को लाभ पहुंचाने के लिए यह नीति अपनाई गई। उन्होंने कई जगहों पर पेपर की सील टूटे होने के साक्ष्य मिलने का दावा भी किया।
 

स्वराज आश्रम में युवा कांग्रेस की प्रेस वार्ता के दौरान विधायक हृदयेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि कनिष्ठ सहायक के 445 पदों के लिए लिखित परीक्षा हुई। पहली बार देखने में आया कि किसी परीक्षा में अलग-अलग पेपर सेट होने के बावजूद प्रश्न एक से लेकर 100 तक समान क्रम में थे जबकि पेपर का सेट बनाने का कोई औचित्य नहीं है।

आरोप लगाया कि सरकार धन-बल का प्रयोग कर नकल माफियाओं को संरक्षण दे रही है और लोगों की आंख में धूल झोंक रही है। परीक्षाओं का लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सदन के पटल पर मुख्यमंत्री को इसका जवाब देना होगा।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने आरोप लगाया कि सरकार ने पेपर लीक का फॉरमेंट अपडेट कर लिया है। सत्ता के संरक्षण में नकल माफिया बेखौफ पेपर लीक कर रहे हैं। कनिष्ठ सहायक परीक्षा में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जो शर्मनाक है।

उन्होंने पेपर लीक मामलों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। वार्ता के दौरान यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू,, मीमांशा आर्या, मोकिन सैफी, हरीश पलड़िया, सचिन राठौर, रोहित कुमार, मो. सुहैल, मयंक गोस्वामी आदि मौजूद रहे।