दिल्ली सरकार ने किया एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव का मार्ग प्रशस्त, जल्द बनेगा नया PMO

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने ‘‘सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट’’ के तहत प्रस्तावित ‘‘एक्जीक्यूटिव एन्क्लेव’’ स्थल पर लगे पेड़ों के प्रतिरोपण के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ये भी पढ़ें - BBC विश्व का सबसे ‘भ्रष्ट कार्पोरेशन’, आयकर विभाग का सर्वे संविधान के तहत: भाजपा
‘‘एक्जीक्यूटिव एन्क्लेव’’ नयी दिल्ली के उच्च सुरक्षा वाले लुटियंस जोन में प्लॉट संख्या 36/38 पर साउथ ब्लॉक के दक्षिणी ओर बनेगा। एक अधिकारी ने बताया, "मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के (एक्जीक्यूटिव) एन्क्लेव के लिए मंजूरी दे दी है।
सीपीडब्ल्यूडी (केंद्रीय लोक निर्माण विभाग) ने परियोजना स्थल से 173 पेड़ों के प्रतिरोपण के लिए दिल्ली सरकार से अनुमति मांगी थी और मुख्यमंत्री ने फाइल को मंजूरी दे दी है, जिससे परियोजना में तेजी आई है।" केजरीवाल सरकार ने प्रस्ताव को सशर्त मंजूरी दी है कि एजेंसी क्षति की भरपाई के लिए 10 गुना पौधारोपण करेगी।
‘‘सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट’’ के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय, कैबिनेट सचिवालय, इंडिया हाउस, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय, ‘‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’’ के निर्माण पर अनुमानित 1,189 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इंडिया हाउस का उपयोग हैदराबाद हाउस की तरह बैठक व सम्मेलन स्थल के लिए किया जाएगा। अभी हैदराबाद हाउस में विभिन्न देशों के शीर्ष नेताओं के साथ उच्च स्तरीय वार्ता आयोजित होती है।
ये भी पढ़ें - BBC के दफ्तरों पर IT सर्वे पर कांग्रेस का कटाक्ष : विनाशकाले विपरीत बुद्धि