बसपा बहुत बड़ी फौज, इसे खत्म नहीं किया जा सकता : विश्वनाथ पाल

बसपा बहुत बड़ी फौज, इसे खत्म नहीं किया जा सकता : विश्वनाथ पाल

अमृत विचार, अयोध्या। बहुजन समाज पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल शुक्रवार को अपने गृह जनपद अयोध्या पहुंचे। पहली बार अयोध्या जनपद से किसी बसपा नेता को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी मिलने को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने सआदतगंज से देवकाली तक प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बसपा कांशीराम का मिशन है। बसपा बहुत बड़ी फौज है, इसे कभी खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पिछड़ा वर्ग के एक मामूली से कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा उपकार किया है। पूरा सर्वसमाज बहुजन समाज पार्टी के साथ खड़ा है।

प्रदेश का कार्यकर्ता पूरी मजबूती से पार्टी में लगा है। उन्होंने कहा कि 2012 के चुनाव में जब बसपा प्रत्याशी की बीकापुर से 6600 वोट, गोसार्इंगंज 4600 और टाण्डा से 2300 वोट मिले तब तो कहीं चर्चा नहीं हुई कि बसपा खत्म हो गयी। गुमराह करके कहीं कम ज्यादा किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में बसपा बड़ी जीत हासिल करने का कार्य करेगी। विश्वनाथ पाल ने कहा कि कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में मायावती को प्रधानमंत्री बनाने का कार्य करेगा। रामपथ चौड़ीकरण को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अयोध्या के लोगों की रोजी रोटी छीन रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में जब सबको मुआवजा दिया गया है तो अयोध्या के लोगों को क्यों नहीं दिया जा रहा है। विकास अच्छी बात पर प्रभावितों को उचित मुआवजा देना होगा। सआदतगंज में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में मण्डल जोन इंचार्ज पवन कुमार गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

कार्यकर्ता सम्मेलन में की निकाय चुनाव में जुटने की अपील
इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष ने बालदा के अम्बेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव की तैयारियों में मजबूती से जुट जाने की अपील की। इस मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र आनंद, पूर्व जिलाध्यक्ष रोशन लाल त्यागी, मुस्तफा अली, सुनील पाठक, अली सईद खां, ओपी वर्मा, राम कृपाल आर्या, रणजीत सोनकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण की लेखपाल से नोकझोंक, एसडीएम ने शांत कराया मामला, जानें वजह