लखनऊ में पहली बार साेमवार से शुरू होगी 50वीं राज्य स्तरीय जवाहर लाल नेहरू विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी, नन्हे वैज्ञानिक दिखायेंगे प्रतिभा

अमृत विचार लखनऊ। राजधानी में पहली बार 50वीं राज्य स्तरीय जवाहर लाल नेहरू विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी सोमवार से शुरू हो जायेगी। इस प्रदर्शनी का आयोजन इंदिरा नगर स्थित सेक्टर 14 स्थित रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल में होगा जिसमें राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ और राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज की अहम भूमिका होगी। ये जानकारी रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस जेडी माध्यमिक सुरेन्द्र तिवारी ने दी है।
इस प्रदर्शनी के आयोजन के लिए लखनऊ मंडल के जेडी माध्यमिक सुरेन्द्र तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक लखनऊ राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय दिनेश कुमार राठौर, मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार, उप शिक्षा निदेशक षष्ट मंडल डॉ ओम प्रकाश मिश्र, सह जिला निरीक्षक रीता सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक पूनम शाही की महात्वपूर्ण जिम्मेदारी तय की गई है। इसके अलावा राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान प्रयागराज अनिल भूषण चतुर्वेदी की आयोजक और जेडी माध्यमिक सुरेन्द्र तिवारी की भूमिका संयोजक के रूप में होगी। वहीं प्रभारी कोआर्डिनेटर की भूमिका में राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान की ओर से ममता दुबे, प्रवक्ता मंजुषा गुप्ता, प्रोफेसर विजेन्द्र कुमार भी शामिल होंगे।

इन विषयों पर होगी प्रदर्शनी
1. सूचना और संचार प्रौद्योगिकी में उन्नति
2. पर्यावरण अनुकूल सामग्री
3. स्वास्थ्य और स्वच्छता
4. परिवहन और नवाचार
5. पर्यावरण संबंधी चिन्ताएं
6. वर्तमान नवाचार के साथ ऐतिहासिक विकास
7. हमारे लिए गणित
504 प्रतिभागी होंगे शामिल
इस प्रदर्शनी के अन्तर्गत प्रत्येक मण्डल से जूनियर संवर्ग से 7 स्थिर व 7 क्रियाकारी मॉडल, सीनियर संवर्ग से 7 क्रियाकारी मॉडल और अध्यापक संवर्ग से 7 टीएलएम आधारित मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 504 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया जाना प्रस्तावित है। प्रदर्शनी में चयनित मॉडल 50वीं राष्ट्रीय जवाहरलाल नेहरू विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी और उत्तर भारत विज्ञान मेले में प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित किए जायेंगे। जिसमें जनपद के सभी विद्यालयों के छात्र छात्राओं व स्टाफ को प्रदर्शनी में लगे हुए मॉडलों का अवलोकन करने हेत निर्देशित किया गया है।

सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंत्री करेंगी प्रदर्शनी की शुरूआत
प्रदर्शनी का उद्घाटन 12 दिसंबर को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी स्वतंत्र प्रभार की ओर से किया जायेगा। समारोह में डा अंजना गोयल, निदेशक, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीआरटी) भी उपस्थित रहेंगी। प्रतिभागियों के सभी मॉडलों के मूल्यांकन के लिए उच्चकोटि के 21 वैज्ञानिकों को नियुक्त किया गया है। 15 दिसंबर को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम संदीप सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की ओर से किया जायेगा ।

1971 से हो रही प्रदर्शनी
इस बारे में जानकारी देते हुए अमृत विचार से बातचीत में मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि ये प्रदर्शनी मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकर, नई दिल्ली के सहयोग से राष्ट्रीय शैक्षिक गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर करता है। यह प्रदर्शनी बच्चों के लिए अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली प्रत्येक वर्ष बच्चों के लिए जवाहरलाल नेहरू विज्ञान, जवाहरलाल नेहरू विज्ञान गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी के रूप में जानी जाती है जो बाल दिवस से सम्बद्ध कर 1971 से प्रत्येक वर्ष नवम्बर या दिसम्बर माह में आयोजित की जाती है। राज्य स्तर पर 1973 से इस प्रदर्शनी का आयोजन राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा किया जाता है। प्रारम्भ के कुछ वर्षों में राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन पं. जवाहरलाल नेहरू के पावन क्रीडा स्थल स्वराज भवन प्रयागराज में किया जाता रहा है। 1985 से यह प्रदर्शनी प्रदेश के सुदूर अंचलों में बारी-बारी से इस अपेक्षा से आयोजित की जाती है कि इसके अवलोकन से ग्रामीण/शहरी जनमानस में अधिकतम वैज्ञानिक चेतना जागृत हो सके और ये लाभान्वित हो सकें। लेकिन लखनऊ से राज्य स्तरीय प्रदर्शन का आयोजन पहली बार हो रहा है।
इस तरह तीन चरणों में होती है प्रदर्शनी
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के संरक्षरण में राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन, मण्डल तथा राज्य तीन स्तरों पर किया जाता है। जिसमें उत्तर प्रदेश बोर्ड के समस्त जनपदों के माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 12 तक के छात्र एवं छात्राएं बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश केजीबीवी उत्तर-प्रदेश के छात्र-छात्राएं तथा माध्यमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक एवं प्रवक्ता वर्ग के अध्यापक,अध्यापिकाएं विभिन्न शैक्षणिक विषयों यथा-भौतिक विज्ञान रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित तथा कम्प्यूटर आदि विषयों पर प्रदर्श प्रस्तुत करते हैं, साथ ही प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के छात्राध्यापक एवं अध्यापक भी विज्ञान एवं गणित विषय पर आधारित शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के साथ प्रतिभाग करते हैं इनका मूल्यांकन तीन स्तरों पर यथा सीनियर (कक्षा-11 एवं 12) जूनियर स्तर (कक्षा-10 तक) तथा अध्यापक स्तर पर किया जाता है।