हल्द्वानी: धनतेरस कल, बाजार सजकर तैयार, ग्राहकों को विशेष छूट देकर आकर्षित कर रहे दुकानदार

हल्द्वानी: धनतेरस कल, बाजार सजकर तैयार, ग्राहकों को विशेष छूट देकर आकर्षित कर रहे दुकानदार

हल्द्वानी, अमृत विचार। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गया है। रंग-बिरंगी फूलमालाओं व आकर्षक झालरों से सजे बाजार में अब रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए विभिन्न प्रकार के सामानों में विशेष छूट रखी है। जिससे ग्राहक उनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। बाजार में ग्राहकों की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गया है। रंग-बिरंगी फूलमालाओं व आकर्षक झालरों से सजे बाजार में अब रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए विभिन्न प्रकार के सामानों में विशेष छूट रखी है। जिससे ग्राहक उनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। बाजार में ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

धनतेरस का पर्व इस बार 23 अक्टूबर रविवार को मनाया जा रहा है। इसके लिए लोग खरीदारी करने में जुट गए हैं। मीरा मार्ग, कारखाना बाजार, सदर बाजार, पटेल चौक में जगह-जगह खील-खिलौने, बताशे, दीये व अन्य वस्तुओं की दुकानें सजी हैं। वहीं होली ग्राउंड के अलावा बाजार में दीपावली पर भगवान लक्ष्मी गणेश का पूजन करने के लिए मूर्तियों की दुकानें भी बड़ी संख्या में लगी हैं। खासकर रेडीमेड कपड़ों व इलेक्ट्रानिक सामान में ग्राहकों के लिए विशेष छूट रखी गई है। लोग बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों को इस धनतेरस व दीपावली पर बाजार में भारी धनवर्षा की उम्मीद है। इसके लिए दुकानदार ग्राहकों को तरह-तरह के लुभावने ऑफर दे रहे हैं।

अत्याधुनिक बर्तनों का स्टॉक फुल
धनतेरस पर बर्तन बाजार में ग्राहकों की अत्याधिक भीड़ रहती है। लोग अत्याधुनिक बर्तनों को खरीदना ज्यादा पसंद करते हैं। जिससे हर बार धनतेरस पर अत्याधुनिक बर्तनों की सबसे अधिक डिमांड रहती है। ग्राहकों के मांग को देखते हुए इस बार दुकानदारों ने स्टॉक पहले से फुल कर लिया है। बर्तन कारोबारियों के अनुसार धनतेरस के लिए ग्राहकों की डिमांड पर स्पेशल तांबे के बर्तन मंगाये गए हैं। इनमें मुख्य आकर्षण कांसे का डिनर सेट व हांडी सेट है। इसके अलावा डबल व सिंगल लेयर वाले चाय के कप की भी खूब डिमांड रहती है। वहीं कटोरी, चम्मच, भोजन थाल, गिलास, थरमस, जग की भी खूब बिक्री होती है।

सोने का सिक्का 53,500 रुपये में
धनतेरस व दीपावली त्योहार के लिए सर्राफा दुकानदारों ने भी तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार को शहर के तमाम सोने-चांदी की दुकानों में लोग खरीदारी करते दिखे। सर्राफा कारोबारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि होलमार्क वाला 10 ग्राम का सोने का सिक्का 53,500 रुपये तथा चांदी का 10 ग्राम वाला सिक्का 800 से 1000 रुपये तक में ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि प्योर सोने के दाम 51,900 रुपये (10 ग्राम) हैं। वहीं 22 कैरेट सोने के दाम 49,400 रुपये हैं। जबकि चांदी 59,500 रुपये किलो है।

इस बार धनतेरस पर बन रहे विशेष योग
दिवाली का पर्व नजदीक है। लोग इसकी तैयारियों में जुटे हैं। ज्योतिषाचार्य डॉ. मंजू जोशी के मुताबिक इस बार धनतेरस के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग भी बन रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को समुद्र मंथन से भगवान धन्वंतरि अपने हाथों में अमत कलश लेकर समुद्र से प्रकट हुए थे। इसीलिए धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। भगवान धन्वंतरि को भगवान विष्णु का अंशावतार माना जाता है। धनतेरस पर्व पर धन-धान्य, समृद्धि के साथ ही स्वास्थ्य व आरोग्यता की कामना की जाती है। इस दिन धन के लिए देवी लक्ष्मी व कुबेर और आरोग्य के लिए भगवान धनवन्तरि की पूजा-अर्चना की जाती है।

धनतेरस पूजन का शुभ मुहूर्त
त्रयोदशी तिथि प्रारंभ-22 अक्टूबर सायं काल 06: 55 मिनट से 23 अक्टूबर सायं काल 6:05 तक है। तत्पश्चात चतुर्दशी तिथि प्रारंभ। धनतेरस पूजा मुहूर्त-मुहूर्त सायं 05:31 पर शुरू होगा और रात्रि 08:04 तक रहेगा। वृषभ काल पूजा सायं 6:54 से रात्रि 8:49 तक होगी।

पांच दिवसीय दीपोत्सव की तिथियां कुछ इस प्रकार होंगी
23 अक्टूबर-धनतेरस, यमदीप दान, छोटी दीपावली पर्व। (छोटी दीपावली प्रदोष व्यापिनी चतुर्दशी 23 अक्टूबर को मनाना शास्त्र सम्मत)
24 अक्टूबर – श्री महालक्ष्मी पूजन, बड़ी दीपावली पर्व
25 अक्टूबर 2022 -सूर्य ग्रहण
26 अक्टूबर -गोवर्धन पूजा
27 अक्टूबर -यम द्वितीया, भैया दूज

धनतेरस पर क्या करें व क्या न करें
1. धनतेरस के दिन भगवान धन्‍वंतरि, मां लक्ष्‍मी, भगवान कुबेर और यमराज की पूजा का विधान है। इस दिन धन्‍वंतरि की पूजा करने से आरोग्‍य और दीर्घायु प्राप्‍त होती है। इस दिन भगवान धन्‍वंतरि की प्रतिमा की पूजा करें।
2. धनतेरस के दिन मृत्‍यु के देवता यमराज की पूजा भी की जाती है। इस दिन संध्‍या के समय घर के मुख्‍य दरवाजे के दोनों ओर अनाज के ढेर पर मिट्टी का बड़ा दीपक रखकर उसे जलाएं। दीपक का मुंह दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए।
3-धनतेरस पर धन के देवता कुबेर की पूजा करने से व्‍यक्ति को जीवन के हर भौतिक सुख की प्राप्‍ति होती है।
4. धनतेरस के दिन मां लक्ष्‍मी की पूजा का विधान है। मां लक्ष्‍मी के छोटे-छोटे पद चिह्नों को पूरे घर में स्‍थापित करना शुभ माना जाता है।
5. घर के मुख्य द्वार पर 13 दीपक जलाएं ।

धनतेरस पर क्या खरीदें
लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सोना, चांदी, पीतल, मिट्टी के दीये, झाड़ू खरीदना, तांबे का दीपक अति शुभ फल कारक है।
धनतेरस पर क्या न खरीदें
धनतेरस के दिन एल्यूमीनियम का सामान, लोहे की वस्तुएं, नुकीली या धारदार वस्तुएं, प्लास्टिक का सामान, कांच के बर्तन, काले रंग की चीजें न खरीदें।