बाढ़ का कहर : हजार बीघा से अधिक फसलें जलमग्न, सैकड़ों आशियाने ढहे

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में बाढ़ आने के बाद लगभग 5 हजार बीघा से अधिक फसलें जलमग्न हो गईं। सोहावल, रुदौली और पूराबाजार में धान और गन्ने की खेती काफी प्रभावित हुई हैं। अकेले पूराबाजार में ही 2700 बीघा फसलें बाढ़ के पानी में डूब चुकी हैं। यही नहीं प्रभावित इलाकों में सैकड़ों लोगों के …
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में बाढ़ आने के बाद लगभग 5 हजार बीघा से अधिक फसलें जलमग्न हो गईं। सोहावल, रुदौली और पूराबाजार में धान और गन्ने की खेती काफी प्रभावित हुई हैं। अकेले पूराबाजार में ही 2700 बीघा फसलें बाढ़ के पानी में डूब चुकी हैं। यही नहीं प्रभावित इलाकों में सैकड़ों लोगों के छप्पर भी ढह गए।
अब अन्नदाता बेहाल हैं। साथ ही विस्थापितों के सामने भविष्य की स्थिति को भी देखकर संकट गहरा गया है। पानी के उफनाने से जीव-जंतु भी बाहर आ गए हैं। रुदौली के बाद सोहावल के ढेमुवा पुल के पास घड़ियाल नजर आया है। वहीं बाढ़ का पानी पार करते समय दो महिलाओं को सांप ने डंस लिया। हालांकि राहत की बात यह है कि सरयू का जलस्तर अब बढ़ नहीं रहा है। अभी भी सरयू खतरे के निशान 92.730 से एक मीटर 25 सेमी ऊपर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सरयू का जलस्तर अभी 93.980 मीटर पर स्थिर है।
पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मूडाडीहा माझा, उरदाहवा, पूरे चेतन, सलेमपुर, पिपरी संग्राम ,बस्ती माझा, मडना माझा, बलुइया, सेवरहवा, रामपुर पुआरी माझा, पनसैवा, नई दुनिया, धनाई का पुरवा काजीपुर माझा पूरे बाढ़ प्रभावित इलाके में 2700 बीधा फसलें बाढ़ के पानी में डूब चुकी हैं। बलुइया माझा के बाढ़ पीड़ित किसान राजेश ने बताया की पानी में 19 बीघा गन्ना और 2 बीघा धान कटान में बह गया। रामपुर पुआरी माझा और काजीपुर माझा के लेखपाल फकीरे प्रसाद ने बताया कि रामपुर पुआरी माझा में 1200 और काजीपुर माझा में 600 बीघा और मडना माझा के लेखपाल रामपाल ने बताया कि 400 बीघा और मूडाडीहा माझा के प्रधान गया प्रसाद यादव ने बताया कि 500 बीघा से ज्यादा फसल बाढ़ के पानी से बबार्दी के कगार पर हैं।
बाढ़ प्रभावित गांव में बाढ़ पीड़ितों का छप्पर का घर गिरने का सिलसिला जारी हो गया है। रामपुर पुआरी माझा के वासुदेव हौसिला प्रसाद, मुन्नालाल ,बेचन राम ,नवमी प्रसाद मंसाराम ,सुखदेव, रामचंद्र ,बलुइया माझा मडना के मंगरु प्रसाद सहित 60 से अधिक लोगों का छप्पर का मकान बाढ़ के पानी में धराशाई हो गया।
राजस्व निरीक्षक बाढ़ प्रभारी गिरजा प्रसाद वर्मा ने बताया कि पानी घटने के साथी गांव में जो छप्पर के घर गिरे हैं उनका सर्वे कराकर लिस्ट बनाकर तहसील को भेजा जाएगी। सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक अभय सिंह के पिता भगवान बक्स सिंह ने पूराबाजार के काजीपुर माझा रामपुर पुवारी माझा मदरहिया के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि हम अपने स्तर पर बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार करा रहे हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों की भी बाढ़
बाढ़ प्रभावित माझा क्षेत्र में जलभराव के चलते बीमारियों का भी आगमन होने लगा है। लोग जुखाम बुखार खांसी बदन दर्द से परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों का इलाज कर रही है। बलुइया माझा मडना के राम अवतार ,राम सागर, राजकुमार , रामबहादुर, रामप्रकाश, रामदयाल, रामनरेश, राम सुरेश, उदयभान सहित कई लोग जुखाम बुखार खांसी बदन दर्द से परेशान हैं। सीएचसी अधीक्षक पूरा बाजार के डॉ. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि बाढ़ राहत केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों का इलाज कर रही है
शरण लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी जारी
गोंडा से सटे अयोध्या जिला के सोहावल तहसील क्षेत्र कंपोजिट विद्यालय में शरण लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। तरबगंज तहसील क्षेत्र वनगांव ,रतनपुर, कंचन पुर, बहादुरपुर, चरौठा, बेउंदा कला, बेऊंदा माझा, साखीपुर के आठ गांव से पलायन जारी है। एसडीएम सोहावल मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला पड़ोसी जिला का होने के बावजूद रौनाही थाना प्रभारी अक्षय कुमार के नेतृत्व में जल पुलिस टीम के जरिए रेस्कयू करवाया गया है।
दो महिलाएं सर्प दंश का शिकार
सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरई खुर्द निवासी 18 वर्षीय दिया सिंह पुत्री अरविंद सिंह घर के पीछे किसी कार्य से गयी थी। जहां उसे सांप ने डंस लिया। दूसरी घटना गोंडा जिला तरबगंज बेउदा निवासी बाढ़ पीडिता शांति यादव को नदी पार करते हुए सांप ने काट लिया। इलाज के लिये जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों अलग अलग किशोरियों की स्थित सामान्य बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : अयोध्या: बाढ़ का कहर बरकरार, प्रभावित क्षेत्रों में हाहाकार