बहराइच: स्वतंत्र देव ने किया बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वे, बोले- नेपाल से छोड़े गए पानी और भारी बारिश से आई तबाही

बहराइच: स्वतंत्र देव ने किया बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वे, बोले- नेपाल से छोड़े गए पानी और भारी बारिश से आई तबाही

बहराइच। प्रदेश सरकार के जल संसाधन मंत्री ने मंगलवार को जिले में बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वे किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नेपाल से छोड़े गए पानी और भारी बारिश से जनपद में तबाही मची है। वह रिपोर्ट मुख्यमंत्री को देंगे, पीड़ितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास …

बहराइच। प्रदेश सरकार के जल संसाधन मंत्री ने मंगलवार को जिले में बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वे किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नेपाल से छोड़े गए पानी और भारी बारिश से जनपद में तबाही मची है। वह रिपोर्ट मुख्यमंत्री को देंगे, पीड़ितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद मंत्री श्रावस्ती में सर्वे और बैठक के लिए चले गए।

जिले में बाढ़ से काफी तबाही मची है। लोगों के घरों तक नाव चल रहे हैं। बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे करने और समीक्षा बैठक के लिए मंगलवार को प्रदेश सरकार के जल संसाधन और सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पहुंचे। उन्होंने हवाई सर्वे किया। इसके बाद पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरे। सीधे समीक्षा बैठक के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर बाढ़ आयुक्त, डीएम और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक में डीएम ने बताया कि 37 वर्ष बाद इस तरह की बाढ़ आई है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 15 सितंबर के बाद बाढ़ की कोई स्थिति नहीं रहती है। लेकिन मूसलाधार बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी के चलते जिले को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वह हवाई सर्वे और समीक्षा बैठक करने आए हैं। जिसमें देखा गया है कि जिले को काफी नुकसान हुआ है। घरों में पानी भरा है। फसलें डूब गई हैं। इसकी रिपोर्ट जाकर मुख्यमंत्री को देंगे।

इसके बाद आगे का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ितों को लांच पैकेट के साथ मदद मिले, इसका ख्याल रखें। बैठक के बाद मंत्री श्रावस्ती और बलरामपुर में नुकसान का जायजा लेने रवाना हो गए। इस मौके पर बहराइच सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक राम निवास वर्मा, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, एमएलसी डॉक्टर प्रज्ञा त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी, सीडीओ कविता मीना, एडीएम, एसडीएम समेत अन्य शामिल रहे।

जल्द आएंगे मुख्यमंत्री
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की नजर बहराइच जनपद पर है। नुकसान और राहत सहायता पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द ही वह बहराइच का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत नुकसान हुआ है। जितने सक्षम लोग हैं, सभी मिलकर मदद करें।

यह भी पढ़ें:-झांसी में स्वतंत्र देव सिंह ने किया ऐलान- प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 51 हजार घरों तक पहुंचेगा नल से जल