नैनीताल: कूड़ेदान की जगह पर हो रहा अवैध निर्माण रुकवाया
नैनीताल, अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बुधवार को अंडा मार्केट क्षेत्र में कूड़ेदान की भूमि पर अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को रुकवाया। साथ ही निर्माण को ध्वस्त कर दिया। निर्माण कर्ता को नोटिस जारी कर पुनर्निर्माण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। अंडा मार्केट …
नैनीताल, अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बुधवार को अंडा मार्केट क्षेत्र में कूड़ेदान की भूमि पर अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को रुकवाया। साथ ही निर्माण को ध्वस्त कर दिया। निर्माण कर्ता को नोटिस जारी कर पुनर्निर्माण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
अंडा मार्केट पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर फरीदा बेगम ने कूड़ेदान के स्थान पर वहां अवैध निर्माण शुरू कर दिया। इसके बाद नगर पालिका के सभासदों ने इसकी सूचना जिला विकास प्राधिकरण को दी। जिला विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि नगर पालिका के सभासदों ने पालिका की भूमि पर अतिक्रमण होने की सूचना थी।
प्राधिकरण की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। वहीं, ईओ अशोक वर्मा ने बताया कि निर्माणकारी फरीदा बेगम को पूर्व में पालिका की ओर से आवास आवंटित है। इसके क्षतिग्रस्त हो जाने पर आवास की मरम्मत के हाईकोर्ट के आदेश भी हैं। मगर फरीदा बेगम द्वारा अनुमति के विपरीत मरम्मत कार्य की जगह नया निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसमें पालिका द्वारा स्थापित किए गए कूड़ादान वाले क्षेत्र में भी अतिक्रमण कर अवैध कब्जा किया जा रहा था।
फिलहाल टीम को भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।
इसके अलावा पालिका की टीम ने भी माल रोड पर भी छापेमारी की और सड़कों पर दुकान लगा रहे व्यवसायियों को तत्काल सामान हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा, आईडी बहुगुणा, मनोज जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अतिक्रमण रोकने को लेकर ज्ञापन सौंपा
नैनीताल में बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को जिलाधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि अवैध रूप से पेड़ों का कटान कर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। इससे नैनीताल की भौगोलिक संरचना बिगड़ रही है और शहर में भूस्खलन की स्थिति बन रही है। चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द शहर में अवैध निर्माण पर लगाम नहीं लगाई गई तो इस संबंध में स्थानीय लोग आंदोलन करेंगे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, मनोज जोशी, विक्की वर्मा, मनोज शाह जगाती, मोहन सिंह नेगी, गजाला कमाल आदि मौजूद रहे।