9/11 Attack: अमेरिका पर वो आतंकी हमला… जब सहम गई थी पूरी दुनिया, मनाई गई बरसी

न्यूयॉर्क। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमले की रविवार को 21वीं बरसी मनाई गई और लोगों ने इसमें जान गंवाने वालों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। हमले की बरसी के मौके पर विभिन्न स्थानों पर लोग जमा हुए और मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। आज से ठीक 21 साल …

न्यूयॉर्क। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमले की रविवार को 21वीं बरसी मनाई गई और लोगों ने इसमें जान गंवाने वालों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। हमले की बरसी के मौके पर विभिन्न स्थानों पर लोग जमा हुए और मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।

Image

आज से ठीक 21 साल पहले न्यूयॉर्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, पेंटागन और पेनसिल्वेनिया में अपहृत विमानों के जरिए सिलसिलेवार हमले किए गए थे जिनमें लगभग 3,000 लोग मारे गए थे। रविवार को, राष्ट्रपति जो बाइडन पेंटागन में संबोधन देंगे और पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, जबकि प्रथम महिला जिल बाइडन पेनसिल्वेनिया के शैंक्सविले में संबोधन देने वाली हैं।

Image

आखिर क्या हुआ था उस दिन…
11 सितंबर 2001 की सुबह अल-कायदा के आतंकवादियों ने चार विमानों को हाईजैक कर लिया था। उनका मकसद अलग-अलग ऐतिहासिक जगहों पर प्लेन को क्रैश करना था। पहला विमान हादसा अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 11 का हुआ, जो न्यूयॉर्क शहर में सुबह 8.46 बजे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टॉवर से टकराया। ठीक 17 मिनट बाद यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 175 साउथ टॉवर से टकरा गई। वहीं करीब 9.37 बजे अमेरिकन एयरलाइंस फ्लाइट 77 वॉशिंगटन स्थित अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन से टकराई और चौथी हाईजैक फ्लाइट 93 का लक्ष्य व्हाइट हाउस या यूएस कैपिटल बिल्डिंग को निशाना बनाना था लेकिन यात्रियों से लड़ाई के कारण आतंकियों के हाथ से विमान का नियंत्रण छूट गया और यह पेन्सिलवेनिया के शैंक्सविल में मैदानी इलाके में जा गिरा।

Image

हमले में गवाई थी 2977 लोग ने जान
उस दिन को अमेरिका के लिए काला दिन कहा जा सकता है। यह अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा आतंकवादी हमला था जिसे अल कायदा ने अंजाम दिया था। अफगानिस्तान में बैठकर ओसाबा बिन लादेन ने इसके लिए पूरी साजिश रची थी। यह हमला न केवल वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में किया गया था, बल्कि अमेरिका की प्रतिष्ठा और उसकी साख पर भी हमला था। आतंकियों की ओर से 4 हमले हुए थे, इन हमलों में 2977 लोग मारे गए थे। इनमें 19 हाईजैकर आतंकवादी शामिल हैं। मारे गए लोगों में चार विमानों में सवार 246 यात्री, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और उसके आसपास 2606 और पेंटागन में 125 लोग शामिल थे। वहीं, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 344 बचावकर्मी, 71 पुलिसकर्मी और सेना के 55 जवान भी मारे गए थे।

ये भी पढ़ें:- मेक्सिको में भीषण सड़क हादसा, 18 लोगों की मौत, मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका