उत्तराखंड: चार माह में रिकार्ड 32 लाख श्रद्धालुओं ने किए चार धाम के दर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। चार माह में ही चारधाम दर्शन के पिछले सारे रिकार्ड टूट गए हैं। चारों धाम में अब तक 32 लाख से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब व लोकपाल तीर्थ के दर्शन करने वालों का आंकड़ा मिला दिया जाए तो यह आंकड़ा 34 लाख को पार कर जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। चार माह में ही चारधाम दर्शन के पिछले सारे रिकार्ड टूट गए हैं। चारों धाम में अब तक 32 लाख से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब व लोकपाल तीर्थ के दर्शन करने वालों का आंकड़ा मिला दिया जाए तो यह आंकड़ा 34 लाख को पार कर जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने खुशी जताई है।
बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ने बताया कि प्रदेश में चारधाम यात्रियों को कई सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। यात्रा को सरल व सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज पूरी यात्रा पर नजर बनाए हुए थे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि सरकार तीर्थ यात्रियों को सुविधाएं जारी रखेगी। पर्यटन व धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि रिकार्ड संख्या में तीर्थ यात्रियों का चारधाम पहुंचना सरकार की उपलब्धि है। दर्शन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग में भी यातायात सुचारु है। तोताघाटी, शिरोबगड़, लामबगड़ व पागलनाला आदि स्थानों में भी भूस्खलन कम हो गया है। गंगोत्री व यमुनोत्री राजमार्ग भी सुचारु होने से यात्रियों को मंदिर तक पहुंचने में सरलता हो रही है।
बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ ने बताया कि चारों धामों में 32 लाख से अधिक यात्री पहुंच गए हैं। हेमकुंड साहिब में ठंड के बाद भी हर रोज यात्री पहुंच रहे हैं। प्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ, पर्यटन विभाग सहित मंदिर समिति के प्रयासों से ही यह रिकार्ड बना है। प्रदेश सरकार सहित मंदिर समिति ने लोगों से सुरक्षा के सभी उपाय करने की अपील की है। कोविड के नियमों का पालन करें तथा तीर्थयात्री घर बैठे ही ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इधर श्रद्धालुओं ने भी प्रदेश सरकार तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताया है।