हल्द्वानी: एसपी सिटी की नाइट क्लास, टारगेट में फेल हुई पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। नाइट क्लास में एसपी सिटी हरबंस सिंह समीक्षा करने बैठे तो पुलिस कई मामलों में फेल हो गई। निरोधात्मक कार्रवाई में पिछड़ी पुलिस से नाराज एसपी सिटी को डायल 112 के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली भी रास नहीं आई। थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों की बैठक लेते हुए एसपी सिटी ने काम दुरुस्त करने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नाइट क्लास में एसपी सिटी हरबंस सिंह समीक्षा करने बैठे तो पुलिस कई मामलों में फेल हो गई। निरोधात्मक कार्रवाई में पिछड़ी पुलिस से नाराज एसपी सिटी को डायल 112 के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली भी रास नहीं आई।
थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों की बैठक लेते हुए एसपी सिटी ने काम दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। एसपी सिटी ने शुक्रवार रात पुलिस बहुउद्देशीय भवन में बैठक की। उन्होंने कहा, पिछले साल जुलाई में की गई निरोधात्मक कार्रवाई की अपेक्षा इस जुलाई में 50 प्रतिशत कार्रवाई भी नहीं हुई है।
उन्होंने डायल 112 वाहन में लगे कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और कहा कि वाहन रात में मुख्य सड़क और चौराहा को छोड़कर गलियों में खड़े हैं। उन्होंने वाहनों को मुख्य मार्गों पर खड़े होने और घटना स्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही बढ़ी स्मैक पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। इसके अलावा उन्होंने वाहनों के कम चालान पर भी खेद प्रकट किया और कहा कि वर्तमान में अधिकांश पुलिस बल कांवड़ ड्यूटी में है।
ऐसे में रात एक-दो बजे तक अपने क्षेत्रों में गश्त करें और पिकेट लगाएं। इसके अलावा 11 जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत एक वर्ष से लंबित विवेचनाओं का निस्तारण करें और प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध के लिए कार्रवाई करें। एसपी सिटी ने प्रार्थना पत्रों को लटकाए रखने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
अधिकारियों को नहीं पहचानते पुलिसकर्मी
हल्द्वानी। बैठक में एसपी सिटी ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि कतिपय थानों में नियुक्त कर्मचारी अपने उच्चाधिकारियों को नहीं पहचानते और इससे यह प्रतीत होता है कि कर्मचारी अपने कर्तव्य के प्रति कितने सुस्त हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने स्टाफ को अधिकारीगणों के बारे में जानकारी दें।