उत्तराखंड: मां सुरकंडा मंदिर में ट्रॉली में फंसे भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय, 70 श्रद्धालुओं की भी अटकी जान

टिहरी, अमृत विचार। टिहरी क्षेत्र में स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर की रोप वे ट्रॉली में रविवार को उस वक्त खलबली मच गई जब तकनीकी खराबी के चलते ट्रॉली अचानक रुक गई। इस दौरान मां के दर्शनों के लिए आए टिहरी के भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय भी करीब 70 श्रद्धालुओं के साथ ट्रॉली में फंस …
टिहरी, अमृत विचार। टिहरी क्षेत्र में स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर की रोप वे ट्रॉली में रविवार को उस वक्त खलबली मच गई जब तकनीकी खराबी के चलते ट्रॉली अचानक रुक गई। इस दौरान मां के दर्शनों के लिए आए टिहरी के भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय भी करीब 70 श्रद्धालुओं के साथ ट्रॉली में फंस गए। करीब 45 मिनट तक श्रद्धालु हवा में लटके रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। हालाकि कुछ देर बाद तकनीकी खामी के दुरुस्त होते ही ट्रॉली का संचालन सुचारू हो गया। बहरहाल विधायक समेत सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

बताते चलें कि सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी का मंदिर टिहरी के जौनुपर पट्टी में सुरकुट पर्वत पर स्थित है। पौराणिक मान्यता के अनुसार जब राजा दक्ष ने कनखल में यज्ञ का आयोजन किया तो उसमें भगवान शिव को नहीं बुलाया। शिवजी के मना करने पर भी सती यज्ञ में पहुंच गईं। वहां सती और भगवान शिव का अपमान किया गया। जिसके बाद माता सती यज्ञ कुंड में कूद गईं। इसके बाद भगवान शिव रौद्र रूप में आ गए। वह सती का शव त्रिशूल में टांगकर आकाश भ्रमण करने लगे। इस दौरान सती का सिर सुरकुट पर्वत पर गिरा। तभी से ये स्थान सुरकंडा देवी सिद्धपीठ के रूप में प्रसिद्ध हुआ। इसका उल्लेख केदारखंड व स्कंद पुराण में मिलता है। सुरकंडा मंदिर में गंगा दशहरा के मौके पर देवी के दर्शनों का विशेष महत्व है।