हल्द्वानी: गर्मी बढ़ी, बादल छाये रहे, बीच-बीच में निकली धूप

हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश रूकने के साथ ही तापमान फिर से बढ़ने लगा है। तेज धूप की वजह से लोगों को गर्मी का फिर से अहसास होने लगा। अब लोगों को मानसून का इंतजार है। बुधवार को गर्मी फिर से बढ़ गई। करीब पांच दिनों तक लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली थी। हल्द्वानी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश रूकने के साथ ही तापमान फिर से बढ़ने लगा है। तेज धूप की वजह से लोगों को गर्मी का फिर से अहसास होने लगा। अब लोगों को मानसून का इंतजार है।
बुधवार को गर्मी फिर से बढ़ गई। करीब पांच दिनों तक लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली थी। हल्द्वानी में बारिश रूकने के बाद गर्मी फिर से शुरू हो गई है। हालांकि पहाड़ों में बारिश हो रही है लेकिन हल्द्वानी में बारिश रूक गई है। दिन के समय लोगों को तेज धूप झेलनी पड़ी। पारा उछलकर 36.5 डिग्री पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा।
हालांकि गर्म हवायें नहीं चल रहीं हैं जिससे लोगों को थोड़ी राहत है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून देरी के साथ राज्य में पहुंचेगा। मानसून के उत्तराखंड में पहुंचने की सामान्य तिथि 20 से 21 जून है, लेकिन इस बार 22 जून तक भी मानसून नहीं पहुंचा है। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मानसून की गति बीच में रूक गई थी। अब मानसून फिर से आगे बढ़ रहा है। अनुमान है कि 26 जून के बाद मानसून राज्य में पहुंच जायेगा। फिलहाल 26 जून से बारिश होने का अनुमान जताया गया है। तब लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ेगा।
कम हुई प्री मानसून की बारिश
हल्द्वानी। मौसम विभाग के अनुसार जून में रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ने का कारण प्री मानसून की कम बारिश होना है। नैनीताल जिले में जून में अभी तक 35.9 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य तौर पर अभी तक 162.9 मिमी बारिश होती है। ऊधमसिंह नगर जिले में 115.9 मिमी की अपेक्षा 16.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। दोनों ही जिलों में कुल 82 प्रतिशत कम बारिश होने की वजह से इस बार कुमाऊं के मैदानी इलाकों में असमान्य गर्मी पड़ रही है।
उत्तराखंड में मानसून आने की निश्चित तिथि अभी सामने नहीं आई है। जून के अंत तक ही मानसून के राज्य में पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि इस बार प्री मानसून की बारिश भी कम हुई है।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर