उत्तराखंड: राज्य में मानसून छह दिन की देरी से पहुंचेगा, फिलहाल प्री मानसून सक्रिय, गर्मी से राहत

हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को प्री मानसून की बौछारों से काफी राहत मिली है। हालांकि मानसून के एक सप्ताह देरी से पहुंचने के आसार हैं। उसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो जायेगी। हल्द्वानी में सुबह से ही बादल छाये रहे। शाम तक नम हवायें चलतीं रहतीं। लोगों को गर्मी से …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को प्री मानसून की बौछारों से काफी राहत मिली है। हालांकि मानसून के एक सप्ताह देरी से पहुंचने के आसार हैं। उसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो जायेगी।
हल्द्वानी में सुबह से ही बादल छाये रहे। शाम तक नम हवायें चलतीं रहतीं। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम भी सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार हल्के बादल छाये रहेंगे। 21 जून तक प्री मानसून सक्रिय रहेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में एक बार फिर से उछाल आ सकता है। 23 से 25 जून तक राज्य के मैदानी इलाकों में फिर से गर्मी बढ़ सकती है। मानसून राज्य में 26 जून के बाद ही पहुंचेगा। यहां मानसून आने की सामान्य तिथि 20 से 21 जून है। मानसून आने की तिथि में बार-बार बदलाव हो रहा है।
पहले मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया था कि इस बार मानसून राज्य में आठ जून तक आ जायेगा। लेकिन मानसून नहीं पहुंचा और लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ी। फिर अनुमान जताया गया कि मानसून 22 से 23 जून तक आ जायेगा। हालांकि इस बार मानसून की तिथि में बदलाव हो गया।
इधर हल्द्वानी में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज किया गया। यह 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री था। तो वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया।