मुलायम सिंह यादव के समधी समेत 12 के खिलाफ जारी किया गया गैर जमानती वारंट

फिरोजाबाद। यूपी में फिरोजाबाद की एक अदालत ने शिकोहाबाद के पूर्व चेयरमैन और समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी रामप्रकाश यादव उर्फ नेहरू समेत 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के एक मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने पुलिस को आदेश दिया कि सभी आरोपियों को 25 अप्रैल तक …
फिरोजाबाद। यूपी में फिरोजाबाद की एक अदालत ने शिकोहाबाद के पूर्व चेयरमैन और समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी रामप्रकाश यादव उर्फ नेहरू समेत 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के एक मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने पुलिस को आदेश दिया कि सभी आरोपियों को 25 अप्रैल तक गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करे। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने यह आदेश दिया। यह मामला फिरोजाबाद जिले के लाइनपार थाने से जुड़ा है।
नगला विष्णु निवासी वीरेंद्र ने साल 2018 के सितंबर महीने में शिकोहाबाद के पूर्व चेयरमैन राम प्रकाश यादव उर्फ नेहरू समेत 15 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद तीन आरोपियों को क्लीन चिट दे दी जबकि 12 लोगों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। जिन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया, उनमें पूर्व चेयरमैन रामप्रकाश यादव का भी नाम है। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए रामप्रकाश यादव उर्फ नेहरू और अन्य आरोपियों ने हाईकोर्ट से स्टे आर्डर ले लिया था। अब स्टे ऑर्डर की समय सीमा खत्म हो गई है।
अदालत ने आरोपियों को नोटिस जारी किया लेकिन आरोपियों ने न तो कोई आदेश दिखाया और न ही कोर्ट में सरेंडर किया, ऐसे में एसीजेएम ने राम प्रकाश उर्फ नेहरू के साथ-साथ बनवारी लाल, राजबहादुर,जल देवी, सरोज, बेबी, ओंकार सिंह समेत 12 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस को आदेश दिया गया है कि वह सभी आरोपियों को 25 अप्रैल तक गिरफ्तार कर अदालत में पेश करे।
यह भी पढ़ें:-मैनपुरी: मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, कहा-हम लोकतंत्र बचाने की जंग लड़ रहे हैं