अमरोहा : जिले में दो सीटों पर खिला कमल तो दो पर दौड़ी साइकिल

अमरोहा : जिले में दो सीटों पर खिला कमल तो दो पर दौड़ी साइकिल

अमरोहा, अमृत विचार। मतगणना के दौरान रूझान आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सरकार बनती दिखाई देने पर कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिाकना न था। हालांकि, जिले में शाम तक दो सीटों पर कश्मकश की स्थिति रही, जबकि अमरोहा सदर से सपा और हसनपुर विधानसभा से बीजेपी ने शुरू से ही …

अमरोहा, अमृत विचार। मतगणना के दौरान रूझान आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सरकार बनती दिखाई देने पर कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिाकना न था। हालांकि, जिले में शाम तक दो सीटों पर कश्मकश की स्थिति रही, जबकि अमरोहा सदर से सपा और हसनपुर विधानसभा से बीजेपी ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। हसनपुर और धनौरा विधानसभा में कमल खिला तो अमरोहा सदर और नौगांवा सादात में साइकिल दौड़ी। जीतने वाले प्रत्याशियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस प्रशासन ने घर तक पहुंचाया।

मतगणना को लेकर गुरुवार की तड़के से ही सभी प्रत्याशी और उनके ऐजेंट मतगणना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने पास देखकर ही एजेंटों को अंदर जाने दिया। इसके बाद सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बेलेट की गिनती शुरू हुई। इसके बाद साढे़ आठ बजे से ईवीएम से मतगणना शुरू हुई। एक घंटे में ही रुझान आने शुरू हो गए। 2017 विधानसभा चुनाव की तरह मोदी और योगी लहर की सुनामी 2022 में भी जारी रही। सुबह से ही बीजेपी के पक्ष में रूझान आने शुरू हो गए थे।

जिले की चार सीटों में से दो विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपना किला बचाने में कामयाब रहे। धनौरा सुरक्षित विस सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजीव तरारा एक बार फिर बाजी मारते हुए 103054 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुए। राजीव तरारा ने सपा प्रत्याशी विवेक सिंह को 11425 मतों से हराकर शिकस्त दी। सपा प्रत्याशी को कुल 91629 मत प्राप्त हुए।

वहीं बसपा प्रत्याशी हरपाल सिंह 43974 मत प्राप्त कर तीसरे नंबर पर रहे। नौगांवा सादात विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र नागपाल को हार का सामना करना पड़ा। सपा प्रत्याशी समरपाल सिंह ने देवेंद्र नागपाल को 9721 मत से हराकर जीत हासिल की। देवेंद्र नागपाल ने 101957

मत प्राप्त किए, जबकि सपा प्रत्याशी को 108497 मत प्राप्त हुए। बसपा प्रत्याशी शादाब खान 27102 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, हसनपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। महेंद्र खड़गवंशी ने सपा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर को 22382 वोटों से हराकर विजयश्री पाई। भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कुल 120135 मत प्राप्त किए, जबकि मुखिया गुर्जर को 97753 वोट मिले। वहीं बसपा प्रत्याशी फिरे सिंह 36150 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।

उधर, अमरोहा विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी महबूब अली ने भाजपा प्रत्याशी राम सिंह सैनी को 71036 रिकार्ड मतों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। महबूब अली को कुल 128735 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा के राम सिंह सैनी को 57699 मत मिले। बसपा के नवैद अयाज को 34585 वोट मिले।

चुनाव में जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को आरओ द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। मतगणना स्थल पर ही चारों प्रत्याशियों के जीतने के बाद नारे गूंज उठे। मतगणना स्थल के बाहर खड़े समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। जीतने वाले प्रत्याशियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस प्रशासन ने घर तक पहुंचाया।