हल्द्वानी में 30 डिग्री पार हो गया पारा होली तक और चढ़ेगा गर्मी का रंग

हल्द्वानी में 30 डिग्री पार हो गया पारा होली तक और चढ़ेगा गर्मी का रंग

हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। मैदान में गर्मी तेजी के साथ बढ़ने लगी है। पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी में और भी ज्यादा बढ़ोत्तरी होगी। मार्च का पहला सप्ताह बीतने के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन के समय तेज धूप पड़ …

हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। मैदान में गर्मी तेजी के साथ बढ़ने लगी है। पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी में और भी ज्यादा बढ़ोत्तरी होगी।
मार्च का पहला सप्ताह बीतने के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन के समय तेज धूप पड़ रही है। हल्द्वानी में पारा 30 डिग्री को पार कर गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। दिन के समय हल्द्वानी में गर्मी का अहसास होने लगा है। ज्यादातर लोगों ने पंखे चलाना शुरू कर दिया है। हालांकि रात के समय तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी।

होली तक पारा 31 से 32 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। उत्तराखंड में आने वाले पांच दिनों तक बारिश का भी अनुमान नहीं है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस गर्मियों के मौसम में गर्मी का प्रचंड कहर रहेगा। मई और जून में गर्मी का सितम लोगों को परेशान करेगा। इधर नैनीताल में भी तापमान बढ़ने लगा है।

हालांकि यहां अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री दर्ज किया गया है। यहां गुनगुनी धूप पड़ रही है। पर्यटकों ने जमकर मौसम का आनंद लिया। हालांकि वीकेंड नहीं होने की वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या कम थी। फिर भी कई सारे पर्यटक माल रोड पर चहलकदमी करते हुए देखे गए। व्यापारियों को उम्मीद है कि लगातार दो साल तक कोरोना की वजह से ठप रहा गर्मियों का सीजन इस बार निराश नहीं करेगा।