हल्द्वानी: गौला पुल से यातायात सुचारू होने में लगेगा वक्त, वैकल्पिक मार्ग खोलने की तैयारी

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद अभी फिलहाल इस पर यातायात सुचारू होने में वक्त लगेगा। इस बीच जिला प्रशासन जल्द ही गौला पुल का वैकल्पिक मार्ग खोलने की तैयारी में लगा है। प्रशासन, वन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को गौला पुल का निरीक्षण किया और वैकल्पिक मार्ग का …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद अभी फिलहाल इस पर यातायात सुचारू होने में वक्त लगेगा। इस बीच जिला प्रशासन जल्द ही गौला पुल का वैकल्पिक मार्ग खोलने की तैयारी में लगा है। प्रशासन, वन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को गौला पुल का निरीक्षण किया और वैकल्पिक मार्ग का जायजा लिया।
हल्द्वानी और गौलापार के लोगों को गौला पुल जोड़ता था। बीती 17-19 अक्टूबर को हुई भीषण बारिश से आई जल प्रलय में गौला पुल की अप्रोच रोड बह गई थी। इससे गौलापार के लोगों खासकर काश्तकारों को दिक्कत हो रही थी। उन्हें हल्द्वानी आने के लिए काठगोदाम से 16-17 किमी का लंबा फेर लगाना पड़ रहा था। इसको लेकर किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात की थी।
इसके बाद जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने भी जल्द ही वैकल्पिक मार्ग खोलने की बात कही थी। इधर, सोमवार को एसडीएम मनीष सिंह, एसडीओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया के नेतृत्व में टीम ने गौला पुल का स्थलीय निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान यह तय किया गया कि डंपिंग मैदान के समीप गौला नदी में जाने वाले रास्ते से नदी में उतरकर जंगल से होते हुए गौलापार निकलेगा। अभी नदी में पानी है इसलिए वैकल्पिक मार्ग का काम नहीं होगा। जब नदी का जलस्तर कम हो जाएगा तब वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम होगा।
एसडीएम मनीष सिंह ने बताया कि गौला नदी के पुल के नीचे से वैकल्पिक मार्ग बनाने पर विचार किया जा रहा है। सभी पहलूओं पर चर्चा होगी। नदी का जलस्तर कम होने के बाद वैकल्पिक मार्ग खोलने का प्रयास किया जाएगा।