येदियुरप्पा की जगह ले सकते हैं ये नेता, कर्नाटक के नए सीएम की घोषणा जल्द

बेंगलुरु। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपनी बदौलत सत्ता में लाने वाले निवर्तमान मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के पद से इस्तीफा देने के बाद पार्टी के केंद्रीय नेताओं की ओर से राज्य के नये नेता के नाम की घोषणा जल्द किये जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक येदियुरप्पा की जगह लेने …
बेंगलुरु। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपनी बदौलत सत्ता में लाने वाले निवर्तमान मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के पद से इस्तीफा देने के बाद पार्टी के केंद्रीय नेताओं की ओर से राज्य के नये नेता के नाम की घोषणा जल्द किये जाने की संभावना है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक येदियुरप्पा की जगह लेने के लिए कई नाम हैं, जिनमें केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, राज्य के गृह मंत्री एस आर बोम्मई, खनन मंत्री मुरुगेश निरानी और कुछ अन्य नेता शामिल हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय भाजपा नेता जिन्होंने येदियुरप्पा को पद छोड़ने का निर्देश दिया होगा, उनके प्रस्ताव में एक निश्चित नाम होना चाहिए और बहुत जल्द वे इसकी घोषणा कर सकते हैं।
इससे पहले बी एस येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सोमवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत को सौंप दिया। येदियुरप्पा ने राजभवन में गहलोत को इस्तीफा सौंपा। उन्होंने बताया कि उनका त्याग पत्र स्वीकार कर लिया गया है। इससे कुछ ही घंटों पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 78 वर्षीय नेता ने कहा था कि वह मध्याह्न भोजन के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
येदियुरप्पा ने भावुक होते हुए एवं रुंधे गले से कहा था, ”मेरी बात को अन्यथा मत लीजिएगा, आपकी अनुमति से मैंने फैसला किया है कि मैं मध्याह्न भोजन के बाद राजभवन जाऊंगा और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौपूंगा।” उन्होंने कहा था, ”मैं दु:खी होकर नहीं, बल्कि खुशी से ऐसा कर रहा हूं।”
येदियुरप्पा ने 75 साल से अधिक आयु होने के बावजूद उन्हें दो साल मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का धन्यवाद किया। भाजपा में 75 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को निर्वाचित कार्यालयों से बाहर रखने का अलिखित नियम है।
यह भी पढ़ें-
सुरजेवाला बोले- तीनों कानून किसान विरोधी, पुलिस ने लिया हिरासत में