पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में: भगवंत मान

पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में: भगवंत मान

संगरूर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा की सरकारों ने अपने निजी फायदे के लिए हमेशा प्रदेश की शांति को भंग करने की कोशिश की लेकिन अब राज्य सुरक्षित हाथों में है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। श्री मान ने मंगलवार को संगरूर में पार्टी उम्मीदवार गुरमेल …

संगरूर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा की सरकारों ने अपने निजी फायदे के लिए हमेशा प्रदेश की शांति को भंग करने की कोशिश की लेकिन अब राज्य सुरक्षित हाथों में है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। श्री मान ने मंगलवार को संगरूर में पार्टी उम्मीदवार गुरमेल सिंह के पक्ष में प्रचार करते समय पत्रकारों से कहा कि पंजाब में लोगों के आपसी रिश्ते बेहद मजबूत हैं।

लोग शांति पसंद हैं तथा नफरत फैलाने वालों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। लोकप्रिय पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू (सिद्धू मूसेवाला) की हत्या पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केंद्रीय एजेंसियों और पांच अन्य राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे। आप सरकार के तीन महीने के कामकाज से विपक्ष पूरी तरह घबराया हुआ है। सभी विरोधी पार्टियां एक हो गई हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।

केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार न केवल युवाओं का भविष्य खराब करने जा रही है, बल्कि इस योजना को लागू करने से सेना के अधिकारियों का मनोबल भी गिरेगा। इस योजना के तहत युवाओं के लिए 3-4 महीने का प्रशिक्षण पर्याप्त नहीं है। केंद्र सरकार को देश की बेहतरी के लिए इस योजना को तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को बांटने की राजनीति करती है,जबकि आप एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जो शांति और भाईचारे की वकालत करती है।

उन्होंने दो बार सांसद और अब पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के लिए संगरूर के लोगों को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संगरूर के लोग इंकलाबी हैं, उन्हें पूरा विश्वास की वे इस बार भी आम आदमी को ही चुनेंगे और गुरमेल सिंह को भारी मतों से जिताकर संसद भेजेंगे। उनके अनुसार आम आदमी पार्टी विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। हमारा उद्देश्य पंजाब के नौजवानों को रोजगार देना है, अच्छे स्कूल और अस्पतालों बनाने के साथ, भ्रष्टाचार और माफिया का सफाया कर पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना है।

यह भी पढ़ें- अब नहीं लगाने पड़ेंगे चंडीगढ़ के चक्कर, धुरी में भी खोला जाएगा मुख्यमंत्री दफ्तर- सीएम भगवंत मान