KKR vs PBKS: पंजाब ने कोलकाता को 8 विकेट से हराया, बेयरस्टो-शशांक के बल्ले ने किया कमाल
कोलकाता। जॉनी बेयरस्टो नाबाद (108), शशांक सिंह नाबाद (68) और प्रभसिमरन सिंह (54) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 42वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ गेंदें शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया है। पंजाब की यह नौ मैचों में तीसरी जीत है।
पंजाब किंग्स की टीम ने टी-20 इतिहास में अभी तक से बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए यह जीत हासिल की है। पंजाब की टीम ने 24 छक्के लगाये। वहीं कोलकाता की ओर 18 छक्के लगे। 262 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की जॉनी बेयरस्टो और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये छह ओवर में 93 रन जोड़े।
प्रभसिमरन सिंह ने 20 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के लगाते हुए 54 रन बनाये। उन्हें सुनील नारायण ने रनआउट किया। राइली रुसो 16 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाये। जॉनी बेयरस्टो 48 गेंदों में आठ चौके और नौ छक्के लगाते हुए नाबाद 108 रनों की पारी खेली। वहीं शशांक सिंह ने भी आतिशी अंदाज में 28 गेंदों में दो चौके और आठ छक्के जड़ते हुये नाबाद 68 रन बनाये।
पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में दो विकेट पर 262 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। कोलकाता की ओर से एक मात्र विकेट सुनील नारायण काे मिला। यह आईपीएल के एक मैच में पहली बार हुआ है जब चारों सलामी बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया है। कुलमिलाकर यह पुरुषों के टी-20 मुकाबले 11वीं बार ऐसा हुआ है।
यह भी पढ़ें- टी20 विश्व कप में भारत की संभावनाओं के लिए सूर्यकुमार और बुमराह अहम होंगे : युवराज सिंह