अयोध्या: छावनी इलाके में तेंदुए का खौफ बरकरार, दिन-रात हो रही पेट्रोलिंग

अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के छावनी इलाके में जंगली जानवर के पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। पूरे इलाके में तीन पिंजड़े लगाए गए हैं, जबकि जांच में जुटी टीम दिन-रात पेट्रोलिंग कर रही है। इधर, शहर भर में एक दहशत सी है कि कैंट में तेंदुआ आ …
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के छावनी इलाके में जंगली जानवर के पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। पूरे इलाके में तीन पिंजड़े लगाए गए हैं, जबकि जांच में जुटी टीम दिन-रात पेट्रोलिंग कर रही है। इधर, शहर भर में एक दहशत सी है कि कैंट में तेंदुआ आ गया है। हालांकि वन विभाग अभी भी तेंदुए की पुष्टि नहीं कर रहा है। छावनी की सड़कों पर बुधवार को भी सन्नाटा पसरा दिखा।
उप प्रभागीय वनाधिकारी कृपानाथ सुधीर ने बताया कि वह लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। तीन रेस्क्यू रिस्पांस टीम बनाई गई है। सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक, 2 से रात 10 तक और रात 10 से सुबह 6:00 तक पेट्रालिंग हो रही है। पेट्रोलिंग टीम को रेस्क्यू रिस्पांस वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। हर शिफ्ट के बाद पेट्रोलिंग टीम से रिपोर्ट भी ली जा रही है। क्षेत्र में तीन पिंजड़े लगाए गए हैं। पिंजड़ों में मांस का लोथड़ा लटकाया गया है, ताकि जंगली जानवर पकड़ में आ सके।
तीन दिन पहले ही छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी यशपाल सिंह की ओर से पत्र जारी कर महात्मा गांधी मार्ग मीरनघाट के समीप किसी जंगली जानवर (तेंदुए) के पदचिह्नों के निशान मिलने का अलर्ट जारी किया गया था। इसे लेकर सतर्कता की अपील जारी की गई थी। तब से अभी तक लोग दहशत में हैं। आस-पास के इलाके के लोग रात में घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं।