बरेली: महेशपुर अटेरिया में 1.22 करोड़ से बनेगी दूसरी बड़ी गौशाला

बरेली, अमृत विचार। गौवंशीय पशु शहर की सड़कों पर न घूम सके, इसके लिए नगर निगम प्रशासन सीबीगंज के बाद अब महेशपुर अटरिया में कान्हा उपवन बनाएगा। करीब 400 गौवंशीय पशुओं की क्षमता वाली इस गौशाला को तैयार करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने करीब सवा करोड़ रुपये का आगणन भी तैयार कर लिया …
बरेली, अमृत विचार। गौवंशीय पशु शहर की सड़कों पर न घूम सके, इसके लिए नगर निगम प्रशासन सीबीगंज के बाद अब महेशपुर अटरिया में कान्हा उपवन बनाएगा। करीब 400 गौवंशीय पशुओं की क्षमता वाली इस गौशाला को तैयार करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने करीब सवा करोड़ रुपये का आगणन भी तैयार कर लिया है। इसके निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
शहर में सीबीगंज के बाद बन रहे इस दूसरे कान्हा उपवन को तैयार करने के लिए महेशपुर अटरिया में 12 बीघा जमीन को चिन्हित किया गया है। इस गौशाला के बनने से पहले वाली गौशाला में गोवंशों का भार कम होगा। यह आश्रय स्थल आधुनिक सुविधाओं वाला रहेगा। पशुओं को उनकी प्रजाति के हिसाब से रखने के लिए अलग-अलग शेड बनाए जाएंगे।
24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए नलकूप, शेड के ऊपर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर प्रकाश की व्यवस्था होगी। कार्यालय भवन और पशु चिकित्सक तथा कर्मचारियों और चौकीदार के रहने के लिए कक्ष बनेंगे। बायोगैस का भी उत्पादन किया जाएगा। 400 क्षमता वाली गौशाला में बेसहारा मवेशियों को आसानी से रखा जा सकेगा।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम ने अभी कुछ दिन पहले ही जानवरों को पकड़ने के लिए दूसरा वाहन खरीदा है। अब नगर निगम के पास पर्याप्त व्यवस्था है। इसलिए शहर में घूमने वाले गौवंशीय पशुओं को आसानी से गौशालाओं में शिफ्ट किया जा सकेगा। नगर निगम ने महेशपुर अटरिया में कान्हा उपवन तैयार करने के लिए आगणन तैयार कर लिया है। इसका निर्माण कराने के लिए जल्द ही टेंडर कराने की तैयारी है।
सीबीगंज में 650 की क्षमता पर एक हजार मवेशी
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों को नई जगह पर तैयार हो रहे कान्हा उपवन को तैयार करने संबंधी तमाम सुझाव भी दिए हैं। अभी सीबीगंज गौशाला की क्षमता 650 है लेकिन यहां एक हजार से ज्यादा मवेशी रखे गए हैं। इस वजह से यहां अव्यवस्थाएं हो रही हैं। गौशाला में बायोगैस का भी उत्पादन किया जाएगा। इसका प्लान भी बनाया जा रहा है।
शहर में विचरण करने वाले गौवंशीय पशुओं को आश्रय देने के लिए महेशपुर अटरिया में नई गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए जल्द ही औपचारिकताओं को पूरा कराया जाएगा। -डॉ. उमेश गौतम, मेयर