बरेली: सत्ता का दिखा पूरा दखल, सपाइयों को मौका तक नहीं

बरेली: सत्ता का दिखा पूरा दखल, सपाइयों को मौका तक नहीं

बरेली, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सत्ता का पूरा दखल दिख रहा है। भोजीपुरा, दमखोदा सीटों पर सपा उम्मीदवारों को गलतियां सुधारने का मौका तक नहीं दिया गया और उनके पर्चे मामूली गलतियों की वजह से खारिज कर दिए गए। इससे दोनों सीटों पर टकराव के हालात बने हुए हैं। सपाइयों ने सत्ता …

बरेली, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सत्ता का पूरा दखल दिख रहा है। भोजीपुरा, दमखोदा सीटों पर सपा उम्मीदवारों को गलतियां सुधारने का मौका तक नहीं दिया गया और उनके पर्चे मामूली गलतियों की वजह से खारिज कर दिए गए। इससे दोनों सीटों पर टकराव के हालात बने हुए हैं।

सपाइयों ने सत्ता के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन पर जानबूझकर पर्चे खारिज करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दमखोदा सीट पर पहले से टकराव की स्थिति बनी थी। भाजपा और सपा समर्थक पहले आमने-सामने आ चुके थे। इस सीट पर बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार के भतीजे रवि गंगवाार की पत्नी रश्मि गंगवार भाजपा से और सपा नेता एवं पूर्व विधायक अताउर्रहमान के भाई वफाउर्रहमान की पत्नी परवीन सिद्दीकी उम्मीदवार थीं।

गुरुवार को वकाउर्रहमान व उनकी पत्नी का पर्चा खारिज करने से बात बिगड़ गयी। पूरे मामले पर पुलिस नजर बनाए हुए है। दोनों पार्टियों के बीच में पहले से रिपोर्टबाजी हो चुकी है। टकराव की स्थिति देख पुलिस की सक्रियता बढ़ गयी है।

सड़क पर धरने पर बैठे सपाई, मोदी-योगी के खिलाफ नारेबाजी
रिछा। बिना कारण बताए दोनों पर्चे खारिज करने पर सपा कार्यकर्ता भड़क उठे और सड़क पर पुलिस के सामने पूर्व मंत्री अताउर्रहमान व जिला अध्यक्ष अगम मौर्य धरने पर बैठ गए। अताउर्रहमान ने कहा कि साजिश के तहत दोनों पर्चे निरस्त किए गए। यहां लोकतंत्र की हत्या की गयी है। हाजी वफाउर्रहमान व उनकी पत्नी परवीन सिद्दीकी का पर्चा खारिज करने पर कोई कारण भी नहीं बताया। सीओ अजय कुमार गौतम ने उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया और साजिशन उनके पर्चे खारिज करा दिए।

उन्होंने डीएम व एसएसपी से जिलाध्यक्ष अगम मौर्य व अताउर्रहमान ने एडीएम से बात की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पर्चे खारिज होने पर सपाइयों की भीड़ जुट गयी। सपा कार्यकर्ताओं ने योगी व मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। सीओ बहेड़ी व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी से माहौल गरम हो गया। देर रात तक धरना चलता रहा। इस दौरान सीओ व एसडीएम वहां पर कैंप करते रहे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए अताउर्रहमान ने कहा कि यहां पर प्रशासन से मिलकर लोकतंत्र की हत्या की गयी।

अगर विधायक को चुनाव लड़ना है तो सीधे सीधे चुनाव लड़कर देख लें उनकी तो इस ब्लाक प्रमुख के चुनाव में जमानत जब्त हो जाएगी। धरने में मुख्य रुप से मोहसिन उद्दीन यूथ विग्रेड अध्यक्ष विधानसभा भोजीपुरा, मौलाना मो हनीफ अंसारी उर्फ बुलट जुल्फिकार सिद्दीकी, जिरार अहमद, के साहब, शकील बाबूजी, सोमपाल मौर्य पूर्व प्रधान, राजेंद्र शर्मा आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं दमखोदा में ब्लाक प्रमुख पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने चार पर्चे दाखिल किए।

जिसमें सपा के दोनों पर्चे जांच में बिना कारण बताए निरस्त कर दिए। गुरुवार सुबह 11 बजे सपा के पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के बड़े भाई हाजी वफाउर्रहमान ने पर्चा दाखिल किया। उसके बाद उनकी पत्नी परवीन सिद्दीकी ने पर्चा दाखिल किया। दोपहर 12 बजे भाजपा विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार अपने भतीजे व भतीजे की पत्नी को साथ लेकर आए और उन्होंने दो सेट में अपना नामांकन पत्र एआरओ आनंद सिंह को सौंपा। दोपहर 3 बजे से नामांकन पत्रों की जांच हुई।

सत्ता पक्ष पार्टी पर हर इंसान आरोप लगाता है उन पर जो आरोप विपक्ष के लोगों द्वारा लगाए जा रहे हैं वह बिल्कुल बेबुनियाद हैं और बिल्कुल गलत है। दुष्यंत कुमार गंगवार पूर्व ब्लाक प्रमुख पति

पर्यवेक्षक ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के इंतजामों की समीक्षा की
राज्य निर्वाचन आयोग ने बरेली में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में मतदान एवं मतगणना निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए विशेष सचिव राजस्व एवं अपर संचालक चकबंदी राधे श्याम मिश्रा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उन्होंने बरेली पहुंचकर देर शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आरओ, एआरओ के साथ प्रमुख क्षेत्र पंचायत निर्वाचन के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की।

राधेश्याम मिश्रा ने क्षेत्र पंचायत, प्रमुख के निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा करते हुए आरओ तथा एआरओ को निर्देश दिये कि 10 जुलाई को दिन में 11 बजे से जनपद के समस्त ब्लाकों में मतदान होगा। अपराह्न बाद 3 बजे से मतगणना की जायेगी। उन्होंने समस्त आरओ तथा एआरओ को निर्देश दिये कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराए। जिसमें जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे।

काम आयी रजनी के पति की पैतरेबाजी, नहीं आया कोई सामने
क्यारा में भाजपा की रजनी देवी के अलावा किसी अन्य सदस्य ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसलिए रजनी देवी निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बन गयीं। रजनी क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में वार्ड नंबर 34 से विजयी हुई। रजनी देवी के पति अरविन्द सिंह चौहान लंबे समय से भाजपा में सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते हैं। अरविन्द सिंह के पिता श्याम सिंह चौहान पूर्व में दो बार क्यारा के ब्लाक प्रमुख रहे हैं। इनके भाई अश्विनी सिंह चौहान पैतृक गांव महेशपुर ठाकुरान से ग्राम प्रधान भी रहे हैं। इस सीट पर पांच नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी।

सपा की गीता का पर्चा निरस्त भाजपा की आरती बनी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख
आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदेश सिंह की पत्नी गीता यादव ने सपा से नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा से वेदप्रकाश यादव की पत्नी आरती देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। 3 बजे से नामांकन पत्रों की हुईं। जांच में गीता यादव के नामांकन पत्र में शुल्क जमा करने वाली रसीद नहीं लगी थी। साथ ही अनुमोदक ने हस्ताक्षर भी नहीं किए थे। इसलिए गीता यादव का नामांकन रद कर दिया। इसलिए भाजपा की आरती देवी निर्विरोध चुन ली गयीं।

भोजीपुरा में टकराव के बीच चौथी बार योगेश पटेल बने ब्लॉक प्रमुख
भोजीपुरा में भाजपा नेता एवं तीन बार के ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल और सपा से नसरीन बी ने पर्चा दाखिल किया। योगेश पटेल ने दो और एक सेट अपनी पत्नी रेखा पटेल के नाम से दाखिल किया। 3 बजे के वाद नामांकन पत्रों की जांच हुई। जिसमें सपा प्रत्याशी नसरीन बी के नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के हस्ताक्षर नहीं थे। इसकी भनक योगेश को लगी तो आरओ ब्रजभान लोधी के समक्ष आपत्ति दाखिल की और सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र निरस्त करने का आग्रह किया। इस बीच सपा प्रत्याशी नसरीन बी वहां आ गयीं।

नसरीन बी ने भूल सुधार का मौका देने की मांग की। काफी जद्दोजहद के बाद आरओ ने सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज कर दिया। इसी दौरान सपा के भोजीपुरा प्रभारी हरीशंकर यादव व प्रत्याशी नसरीन बी के देवर कमर सिद्दिकी उर्फ गुड्डू आ गये। वह आरओ कक्ष में घुसने लगे तो प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने रोक दिया। सपाईयों के अनुरोध पर प्रभारी निरीक्षक आरओ के पास गये लेकिन आरओ ब्रजभानु लोधी ने सपाईयों से मिलने से इंकार कर दिया।

थोड़ी ही देर मे सपा प्रत्याशी के पर्चा निरस्त होने की सूची चस्पा कर दी गयी। भोजीपुरा प्रभारी हरीशंकर यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन भाजपा के एजेंट के रुप में काम कर रहा है। योगेश पटेल व रेखा पटेल पति पत्नी के पर्चे जांच में सही पाये गये। शुक्रवार को रेखा पटेल के पर्चा वापस लेने के बाद योगेश पटेल निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित घोषित कर दिए जाएंगे।