शाहजहंपुर: किशोर को निगल गया मगरमच्छ...दहशत का मंजर देख बड़ा भाई बेहोश

बंडा में मंगू घाट नदी में आया मगरमच्छ, शौच पर जाने के दौरान घटना

शाहजहंपुर: किशोर को निगल गया मगरमच्छ...दहशत का मंजर देख बड़ा भाई बेहोश

बंडा, अमृत विचार। खेतों की रखवाली के दौरान शौच को गए एक 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ निगल गया। यह देख पास में मौजूद उसका 14 वर्षीय बड़ा भाई बेहोश होकर गिर पड़ा। होश आने पर परिवार के लोगों को घटना के बारे में जानकारी दी। रोते बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चला। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी होने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर गई, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लग सका।

बंडा थाना क्षेत्र के गांव पड़री चांदूपुर निवासी श्रीराम अपने पुत्र जगदीश के साथ करीब 20 वर्षों से बंडा क्षेत्र के ही गांव गहलुइया में रहकर खेतों की रखवाली कर रहा है। जहां जगदीश भी अपनी पत्नी विमला देवी, पुत्र मोहित, शिवम, परमवीर, पवन और पुत्री मीरा के साथ रहकर गहलुइया गांव के ही ज्ञान सिंह, तरसेम सिंह, उजागर सिंह, बख्तावर सिंह आदि के खेतों की फसलों की रखवाली कर रहा है। बुधवार दोपहर बाद करीब तीन बजे जगदीश का 12 वर्षीय पुत्र परमवीर अपने बड़े भाई 14 वर्षीय शिवम के साथ मंगू घाट पर नदी के किनारे खेतों की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान परमवीर शौच के लिए नदी के किनारे चला गया। जहां नदी में मौजूद मगरमच्छ ने परमवीर को पानी के अंदर खींच लिया। जब उसके भाई शिवम ने उसे देखा तब तक मगरमच्छ उसे आधे से ज्यादा निगल चुका था।

परमवीर के पैर बाहर की तरफ थे और वह छूटने के तड़प रहा था। घटना को देख भाई शिवम खेत पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। करीब पांच मिनट बाद जब उसे होश आया तो वह चीखते चिल्लाते हुए घर की तरफ दौड़ा, जहां उसने अपने परिवार के लोगों को घटना बताई। घटना की जानकारी पाकर उसके पिता जगदीश, मां विमला देवी और बहन मीरा उसे काफी देर तक नदी के किनारे तलाश करते रहे लेकिन परमवीर का कोई भी पता नहीं चल सका। करीब एक घंटे बाद ज्यादा चहलकदमी होने पर उन्होंने मगरमच्छ को पानी के दूसरी तरफ भागते हुए देखा। 

वहीं घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे आसपास के घरों से कई किसान एकत्रित हो गए। उन्होंने जगदीश के पुत्र की काफी देर तक तलाश की। किसान नदी में भी उतर गए लेकिन उसके पुत्र का कोई भी पता नहीं चल सका। बाद में ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी। जहां वन दरोगा रघुवीर सिंह रावत, गृजेश कुमार करीब आधा दर्जन वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन परमवीर का शव मिलना तो बहुत दूर उसका कोई भी सुराग तक नहीं लग सका। वहीं परमवीर की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। मां विमला देवी, भाई मोहित, शिवम, पवन और बहन मीरा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।

बाबा हैरान, कब शिकार बन गया पौत्र
मृतक परमवीर के बाबा श्रीराम ने बताया कि उन्हें खेतों की रखवाली करते हुए 20 वर्षों से अधिक समय बीत चुका है। पुत्र जगदीश भी अपने परिवार के साथ रह रहा है। नदी के दूसरी ओर टाइगर रिजर्व का जंगल है, जहां कई सारे जंगली पशु हैं लेकिन अब तक उनके साथ ऐसी अनहोनी नहीं हुई। श्रीराम ने बताया कि वह कुछ दूरी पर दूसरे खेत में बने मचान पर बैठकर फसल की रखवाली कर रहा था। उनका पौत्र कब मगरमच्छ का शिकार बन गया पता ही नहीं चल सका।

नदी में मगरमच्छों की संख्या का नहीं है पता
जगदीश ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में नदी में मगरमच्छों की संख्या पहले से कहीं ज्यादा हो गई है। बावजूद इसके मगरमच्छ पानी से बाहर नहीं आते। करीब एक किलोमीटर की दूरी के अन्दर मगरमच्छों की संख्या का अंदाजा तकरीबन 25 से 30 लगाया जा रहा है। जगदीश ने बताया कि जब तक वह खेतों की रखवाली करता है, तब तक बच्चों को साथ ही रखता था लेकिन बुधवार को शिवम और परमवीर अपने बाबा के पास जाने की बात कहकर घर से चले आए और खेतों की रखवाली करने लगे। परमवीर शौच के लिए नदी के किनारे गया, जहां उसे मगरमच्छ ने पानी के अंदर खींच लिया।

बड़े भाई ने परमवीर को मगरमच्छ के मुंह में जाते देखा
अपने छोटे भाई परमवीर को मगरमच्छ के मुंह में जाता देख बड़ा भाई शिवम मौके पर ही बेहोश हो गया। उसकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। गुरुवार को भी वह अपने भाई की तलाश परिवार के लोगों के साथ करवा रहा था और नाम आंखे लिए खुद को इस बात के लिए कोस रहा था कि वह अपने भाई की जान नहीं बचा सका।

वहीं घटना के संबंध में डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी करवाई जा रही है। यदि जंगल के बाहर का क्षेत्र आता है तो मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता मिल सकती है लेकिन यदि घटना जंगल के क्षेत्र में हुई होगी तो आर्थिक सहायता नहीं मिल पाएगी क्योंकि जंगल का पूरा क्षेत्र टाइगर रिजर्व होने के चलते प्रतिबंधित है।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर : कार डिवाइडर से टकराई... दो लंगूरी बंदर घायल मिले, बाकी भाग गए