MP News: इंदौर में दुष्कर्म के बाद निर्वस्त्र घूमती दिखी पीड़िता, एक गिरफ्तार

MP News: इंदौर में दुष्कर्म के बाद निर्वस्त्र घूमती दिखी पीड़िता, एक गिरफ्तार

इंदौर। इंदौर में मानसिक रोग से जूझ रही 40 वर्षीय एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के कुछ कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं जिनमें से एक वीडियो में पूरे कपड़े पहनी महिला को आरोपी अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है और दुष्कर्म के बाद के दूसरे वीडियो में महिला निर्वस्त्र अवस्था में सड़क पर घूमती नजर आ रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र में 20 साल के युवक ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात 40 वर्षीय इस महिला से दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म पीड़ित महिला मानसिक रोग से जूझ रही है। शर्मा ने बताया,‘‘आरोपी को महिला सड़क पर अकेली टहलती दिखी। वह उसे अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करके फरार हो गया।’’ 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस की ‘‘डायल 100’’ गाड़ी के कर्मियों ने महिला को देखा और उसकी मेडिकल जांच कराई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया।

 सदर बाजार थाने के प्रभारी तरुण सिंह भाटी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुष्कर्म पीड़ित महिला को मानसिक रोग के इलाज के लिए शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। 

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: सिंघाड़े बेचकर लौट रहे बाइक सवार बुजुर्ग को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, मौत