Women's T20 World Cup 2024 : फातिमा सना पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता के निधन के कारण टूर्नामेंट छोड़कर पाकिस्तान लौटेंगी 

Women's T20 World Cup 2024 : फातिमा सना पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता के निधन के कारण टूर्नामेंट छोड़कर पाकिस्तान लौटेंगी 

दुबई। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले महिला टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मैच में नहीं खेल पाएगी क्योंकि वह अपने पिता के निधन के कारण स्वदेश लौट रही हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि वह फातिमा की जल्द से जल्द स्वदेश लौटने की व्यवस्था कर रहा है। उनके पिता का गुरुवार की सुबह निधन हो गया था।

पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा,‘‘वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच में नहीं खेल पाएगी।’’ उनकी अनुपस्थिति में उप कप्तान मुनीबा अली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम की अगुवाई करेगी। 22 वर्षीय फातिमा ने टूर्नामेंट में अभी तक बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बाकी बचे दो मैच में से कम से कम एक मैच में जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान के अभी दो मैच में दो अंक है तथा वह ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बाद तीसरे स्थान पर है। वह अपना अंतिम मैच सोमवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा। 

स्मृति और मैं पूर्व निर्धारित योजना के साथ नहीं उतरते, इससे मदद मिली : शेफाली 
दुबई। भारतीय बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा कि वह और उनकी सलामी जोड़ीदार स्मृति मंधाना किसी विशेष प्रकार की गेंदबाजी के लिए मैदान पर पूर्व निर्धारित योजना के साथ मैच में नहीं उतरतीं जिससे उन्हें सफलता हासिल करने में मदद मिली है।  इन दोनों ने बुधवार को श्रीलंका पर भारत की 82 रन की शानदार जीत के दौरान 98 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 50 रन की अपनी पारी के दौरान स्पिनरों को निशाना बनाया क्योंकि पहले वह आमतौर पर स्पिनरों को खेलने के लिए शेफाली पर निर्भर रहती थी।

शेफाली ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, जैसा कि आपने कहा कि हमारा संयोजन बहुत अच्छा है। अब हम पहले से तय नहीं रहते। जो भी उस दिन गेंद से बल्ला अच्छी तरह कनेक्ट कर रहा होता है तो हम उसे ज्यादा गेंद खेलने देते हैं।  उन्होंने कहा, अभी वह स्पिनरों को बहुत अच्छी तरह से हिट कर रही है। इसलिए यह अच्छी बात है। और हम दोनों ही जितना हो सके उतनी अच्छी शुरुआत देने की कोशिश करते हैं। टीम के लिए अच्छी पारी बनाना और अच्छा लक्ष्य देने की कोशिश करते हैं।  न्यूजीलैंड से मिली हार और पाकिस्तान पर जीत के बाद भारत ने श्रीलंका को हराकर अपना नेट रन रेट बढ़ा दिया जिससे वह ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। 

ये भी पढ़ें : Davis Cup : अगले महीने डेविस कप फाइनल्स के बाद टेनिस को अलविदा कहेंगे राफेल नडाल