Kanpur: पार्टी के कार्यकर्ता एक पदाधिकारी की टिप्पणियों पर नाराज

Kanpur: पार्टी के कार्यकर्ता एक पदाधिकारी की टिप्पणियों पर नाराज

विशेष संवाददाता, कानपुर। सीसामऊ विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर जहां भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है, वहीं कांग्रेस के साथ गठबंधन में सपा अपनी परंपरागत सीट पर कब्जा बरकरार रखना चाहती है। भाजपा में लगभग रोज ही मंत्री और संगठन के नेताओं के दौरे व बैठकें चल रही हैं। लेकिन कार्यकर्ता स्तर पर उत्साह का वह बैरोमीटर अभी नजर नहीं आ रहा है। कहा जा रहा है कि कार्यकर्ता संगठन के एक बड़े पदाधिकारी से नाराज हैं। 
 
भाजपा में अंदरखाने कार्यकर्ता संगठन के एक पदाधिकारी की टिप्पणियों से नाराज हैं। इसे लेकर एक स्थानीय पदाधिकारी का कहना है कि उन्हें विनम्रता से बात करनी चाहिए। कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित है, उनकी नौकरी नहीं करता है। हालांकि बूथ तक मजबूती के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, एक राज्यमंत्री के साथ पांच विधायकों (तीन एमएलए और दो एमएलसी) की ड्यूटी लगाई गई है। 

सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी को चुन्नीगंज, नीलिमा कटियार को कौशलपुरी, महेश त्रिवेदी को रायपुरवा, एमएलसी मानवेंद्र सिंह और अरुण पाठक को नये वोटर बनाने में लगाया गया है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश पाल को समीक्षा के साथ प्रवासी का दायित्व दिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष (उत्तर) दीपू पांडेय खुद टिकट के दावेदार हैं। उनके साथ दक्षिण और ग्रामीण जिलाध्यक्षों को भी लगाया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur:आरटीओ प्रवर्तन की टीम ने रूटों पर बिना मानक चल रहे वाहनों को पकड़ा, हाईवे पर नाकेबंदी करके हुई कार्रवाई