गोंडा : दबंगों ने रात में JCB लगाकर ढहा दिया मकान, 6 पर FIR दर्ज 

धानेपुर थाना क्षेत्र के देवरिया अलावल की घटना, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

गोंडा : दबंगों ने रात में JCB लगाकर ढहा दिया मकान, 6 पर FIR दर्ज 
धानेपुर के देवरिया अलावल में ढहाया गया मकान

गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर थाना क्षेत्र के देवरिया अलावल में एक निर्माणाधीन मकान को शनिवार की रात दबंगों ने जेसीबी लगाकर ढहा दिया। मकान गिराए जाने की सूचना पर पुलिस पहुंचती इसके पहले ही आरोपी भाग निकले। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

इटियाथोक थाना क्षेत्र के बैजपुर गांव के रहने वाले अतीकुर्रहमान के मुताबिक उसने देवरिया अलावल गांव स्थित गाटा संख्या 512 में 420 वर्ग फीट का एक प्लॉट बैनामा करा रखा है‌। इसी प्लॉट पर वह अपने मकान का निर्माण करा रहा है‌। मकान की दीवाल खड़ी हो चुकी थी। सिर्फ छत का कार्य शेष रह गया था। देवरिया अलावल गांव के रहने वाले दिलावर खां, इकबाल, अबू खां, खुज्जन व सिराज ने चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर शनिवार की रात में जेसीबी लगाकर उसका निर्माणाधीन मकान ढहा दिया।

मकान गिरने के धमाके की आवाज सुनकर वह बगल के मकान से बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह घर में भागा तो आरोपी घर में घुस गए और उसे मारा पीटा तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं। अतीकुर्रहमान की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है‌। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगायी गयी हैं। 

पुलिस के इकबाल को दी चुनौती
पीड़ित अतीकुर्रहमान का कहना है कि अलावल देवरिया स्थित जिस जमीन पर मकान बन रहा है उस पर आरोपित दिलावर का पक्ष भी दावा कर रहा है‌ जबकि उसने 420 वर्ग फीट जमीन का बैनामा लिया है। दो दिन पहले दिलावर ने उस जमीन पर स्टे ले लिया था तो पुलिस ने उसका निर्माण रोक दिया था। दोनों का मामला थाने में था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी इसके बावजूद दिलावर और उसके सहयोगियों ने पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए रात में जेसीबी लगाकर मकान को ढहा दिया। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि यह बेहद गंभीर प्रकरण है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है और कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- गोंडा: मां के साथ छत पर सो रही 9 महीने की मासूम ब्च्ची लापता, गांव में हड़कंप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य