30 साल से लापता शख्स के घर में हुई खुदाई, आंगन में मिला नर कंकाल, खुला हत्या का राज

30 साल से लापता शख्स के घर में हुई खुदाई, आंगन में मिला नर कंकाल, खुला हत्या का राज

हाथरस, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दिल दहला देने का मामला सामने आया है। 30 साल बाद एक शख्स का कंकाल मिला है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस शख्स की हत्या हुई थी, उसके शव को उसी के घर में दफन कर दिया गया था। इस राज का खुलासा उसके छोटे बेटे की शिकायत के बाद पुलिस ने किया है।

दरअसल, एक बेटे को 30 साल बाद अपने पिता की हत्या की याद ताजा हो गई। वह भी तब जब उसके भाई ने नशे में बचपन की बात याद दिला दी। हाथरस स्थित गिंलोदपुर गांव के पंजाबी सिंह नाम के शख्स ने पिछले दिनों जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर घर में नर कंकाल होने की बात बताई थी। जिसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर खुदाई  हुई और घर के आंगन में नर कंकाल मिल गया। कंकाल बुद्ध सिंह का बताया जा रहा है, जो करीब 30 साल पहले लापता हो गया था। पुलिस सटीक जानकारी के लिए कंकाल का डीएनए कराने की बात कह रही है।

बताया जा रहा है कि गिलोंदपुर गांव निवासी बुद्ध सिंह साल 1994 में अचानक लापता हो गये थे,जिसके बाद उनके परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिले। बुद्ध सिंह जब लापता हुये तो उनके चार बेटे प्रदीप, मुकेश, बस्तीराम और पंजाबी सिंह थे, जिनकी उम्र 23,21,14 और 9 साल थी। सबसे छोटे पंजाबी सिंह थे।

धीरे-धीरे समय गुजरता गया और लोग बुद्ध सिंह को भूलते गये, लेकिन पूरे मामले ने 30 साल बाद खुलासा तब हुआ जब बुद्ध सिंह के छोटे बेटे पंजाबी सिंह ने डीएम से शिकायत की। शिकायत के दौरान  पंजाबी सिंह ने डीएम को बताया कि उसके पिता की हत्या की गई थी और उनका शव आंगन में दबाया गया था। डीएम ने खुदाई के आदेश दिये। पुलिस की मौजुदगी में खुदाई शुरू हुई। कई घंटे की खुदाई के बाद एक कंकाल मिला है। पुलिस ने कंकाल का पोस्टमार्टम कराया है।

यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने शुरू किया वेब पेज, एक Click में देखिये ऐतिहासिक फैसले का वीडियो