कासगंज: सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी आस्था, हर-हर महादेव से गुंजायमान हुए मंदिर

कासगंज: सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी आस्था, हर-हर महादेव से गुंजायमान हुए मंदिर
तीर्थ नगरी सोरों के योगेश्वर महादेव मंदिर में पूच अर्चना को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

कासगंज, अमृत विचार। भोलेनाथ की भक्ति में शिवभक्त डूबे हुए हैं। सावन में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दी। सुबह से ही शिवभक्त शिवालयों में पहुंच गए और भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

तड़के से ही शिव भक्त भगवान के जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े। दोपहर 12 बजे तक शिवालयों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव के स्वर मंदिर परिसर में गूंज रहे थे। घंटे की ध्वनि भी सुनाई दे रही थी। भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र अर्पित किए। 

जिले भर में सावन के दूसरे सोमवार को भोलेनाथ की जय जयकार होती रही। सोरों के लहरा में लहरेश्वर मंदिर के अलावा तीर्थनगरी के शिवालयों पर शिव भक्तों की भीड़ रही। शहर के नदरई गेट स्थित शिवालय मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, मां शीतला मंदिर, चामुंडा मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने शिवजी का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, फूल, धूप घास, भांग, धतूरा अर्पित किया।

इसके अलावा कस्बा सिढ़पुरा के मुहल्ला गांधी नगर स्थित दुर्गा मंदिर में विराजमान भगवान शिव की पूजा अर्चना की गई। यहां शिव भक्तों ने बेलपत्र अर्पित किया। गंजडुंडवारा के मोहल्ला खेरू स्थित शिव मंदिर में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पटियाली के शिवालयों में भी भक्तों का ताता लगा रहा। मिश्राना मोहल्ला के पाताली महादेव, बिजली घर के निकट गड्ढा वाले महादेव, मेहंदी वाले भोले नाथ, स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर पर भक्तों की भीड़ उमड़ी। 

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम 
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ थी। इसलिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई। शिवालयों पर पुलिस तैनात रही। सीओ सिटी विजय कुमार राना व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। सीओ ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों की भीड़ की वजह से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। 

शाम को हुई भस्म आरती 
सावन के दूसरे सोमवार को शहर के शीतला माता मंदिर पर महाकाल बाबा की भस्म आरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाकाल बाबा की भस्म आरती के दर्शन किए। साथ ही महाकाला बाबा से मनौती मांगी। मंदिर में भीड़ बढ़ जाने के कारण एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। बाबा की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

ये भी पढ़ें- कासगंज: योगेश्वर महादेव मंदिर है बेहद खास...तप करने और राम-राम लिखने से पूरी होती हैं मनोकामनाएं!