UP की राज्य मंत्री सोनम किन्नर ने दिया इस्तीफा, बोलीं- संगठन सरकार से बड़ा है

UP की राज्य मंत्री सोनम किन्नर ने दिया इस्तीफा, बोलीं- संगठन सरकार से बड़ा है

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) सोनम चिश्ती (किन्नर) ने हाल के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपेक्षित परिणाम न मिलने से आहत होकर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।

किन्नर बोर्ड की अध्यक्ष सोनम किन्नर ने कहा कि मैंने सीएम योगी से शिकायत कर कहा है कि मेरे विभाग में कोई अफसर काम नहीं करते हैं लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब मैं संगठन में कार्य करूंगी, सरकार में नहीं। संगठन सरकार से बड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे अधिकारी कार्यकर्ताओं की नहीं सुनते हैं। 

राज्यपाल को संबोधित अपने पत्र में सोनम चिश्ती ने लिखा है, “मैं सोनम चिश्ती उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) किन्नर कल्याण बोर्ड (उत्तर प्रदेश) लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में आए परिणाम-प्रदर्शन से आहत होकर हार की जिम्मेदारी लेती हूं।”

सोशल मीडिया में सार्वजनिक हुए इस पत्र में चिश्ती ने कहा है, “दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहते हुए जनता के बीच में भाजपा को मजबूत करने में मैं असफल रही हूं।” चिश्ती ने लिखा है,“इस कारण मैं अपनी अंतरात्मा से व्यथित होकर सरकारी पद से त्यागपत्र दे रही हूं।” उन्होंने यह भी कहा, “इसके उपरांत मैं भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठन में कार्य करती रहूंगी एवं पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे मैं निष्ठा पूर्वक निर्वहन करूंगी।”

उन्होंने कहा ,“मेरा त्यागपत्र स्वीकार करने की कृपा करें।” चिश्ती को किन्नर समाज का मज़बूत नेता माना जाता है। लोकसभा चुनाव में इस बार उत्तर प्रदेश की 80 सीट में भाजपा को 33 और सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को दो तथा अपना दल (एस) को सिर्फ़ एक सीट पर जीत मिली। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को 37 तथा कांग्रेस को छह तथा आज़ाद समाज पार्टी कांशीराम को एक सीट मिली है। राज्य में भाजपा का प्रदर्शन 2014 और 2019 के मुक़ाबले काफी ख़राब रहा है।

ये भी पढ़ें-चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर दो घंटे खड़ी रही कृषि मंत्री शिवराज सिंह की फ्लाइट