रामपुर : दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर महिला को घर से निकाला, पति सहित चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज 

रामपुर : दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर महिला को घर से निकाला, पति सहित चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज 

रामपुर,अमृत विचार। दहेज में बुलेट और एक लाख नकद नहीं मिलने पर ससुरालियों ने महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। महिला ने पति सहित चार लोगों  के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का कहना है कि चार वर्ष पहले उसकी शादी मूंढापांडे के रहने वाले रवि के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद ससुरालवालों ने उससे दहेज में एक लाख रुपये और एक बुलेट की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट किया करते थे। आरोप है कि उसका देवर उसके साथ मौका पाकर छेड़खानी करता था। सास-ससुर से कहने पर वह लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। इस दौरान महिला ने दो बच्चों को जन्म दिया। आरोप है कि उसके पति की लापरवाही के कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई। काफी परेशान हो जाने के बाद महिला ने थाने में तहरीर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। 

आरोप है कि 21 अप्रैल 2024 को ससुरालियों ने महिला को मारपीटकर घर से निकाल दिया। उसके बाद वह मायके आ गई। उसने सारा मामला मायके वालों को बताया। बाद में अजीमनगर थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी पति रवि, सास पुष्पा, ससुर पातीराम, देवर राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ये भी पढे़ं : रामपुर: डंपर की चपेट में आकर स्कूटी सवार युवती की मौत, परिवार में मचा कोहराम