किच्छा: पूर्व पालिकाध्यक्ष की जेठानी की मौत के मामले में आया नया मोड़

किच्छा: पूर्व पालिकाध्यक्ष की जेठानी की मौत के मामले में आया नया मोड़

किच्छा, अमृत विचार। पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू जायसवाल की जेठानी विजयलक्ष्मी देवी की तीन दिन पहले हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पुत्र की शिकायत पर एक महिला तथा अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के पुत्र ने दोनो आरोपियों पर सोने के गहने तथा नगदी लूटने की मंशा से विजय लक्ष्मी देवी की हत्या करने का आरोप लगाया है।    पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

3 दिन पहले पंजाबी मोहल्ला, वार्ड नंबर 15, किच्छा निवासी हरीश चंद जायसवाल की 64 वर्षीय पत्नी विजयलक्ष्मी देवी का शव उनके अपने घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला था। अस्थमा रोग से पीड़ित  विजयलक्ष्मी देवी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था जबकि बिस्तर पर नेबुलाइजर पंप तथा दवाई की गोलियां बिखरी हुई थीं।

पुलिस को दी शिकायत में मृतका के पुत्र आशीष जायसवाल ने बताया कि वह वर्तमान में जयपुर में नौकरी करता है तथा उसके माता-पिता किच्छा में रहते हैं। बताया कि करीब 10 दिन पहले उसके पिता हरीश चंद कैंसर से पीड़ित भांजे को इलाज के लिए नोएडा लेकर गए थे जबकि घर पर उसकी मां विजय लक्ष्मी अकेली थीं।

आशीष ने बताया कि 29 जून की सुबह उनके चाचा प्रवीण ने सूचना दी कि विजयलक्ष्मी देवी अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली है। सूचना के बाद वह किच्छा पहुंचा। घर पहुंचने पर पता चला कि मां विजयलक्ष्मी के गले में पड़ी सोने की चेन, हाथ की सोने की अंगूठी तथा जेवर व नगदी वाली कपड़े की छोटी थैली घर से गायब है।

आशीष के अनुसार घटना वाली रात मां विजयलक्ष्मी की जान पहचान वाली किच्छा स्थित पंत कॉलोनी निवासी अंजली शर्मा घर पर मौजूद थी। बताया कि अंजली शर्मा से जानकारी लेने पर वह बार-बार गुमराह करती रही और जेवर के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कहा कि शक होने के बाद अंजली के बारे में जानकारी जुटाई तो ज्ञात हुआ कि अंजली शर्मा द्वारा पंत कॉलोनी में मकान बनवाया जा रहा है तथा उस पर लोगों की काफी उधारी भी है और वे लोग लगातार अंजली से पैसे वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

बताया कि अंजली पर शक होने के बाद जब घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई तो पता चला कि घटना वाली रात अंजली शर्मा एक अज्ञात युवक के साथ घर के पास मौजूद थी और घर के बाहर टोपी लगाकर करीब 8 बजे के समय टहल रही थी। मृतका के पुत्र ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिखाते हुए अंजली शर्मा की गतिविधियों को संदिग्ध बताया और  कहा कि अंजली के साथ दिखाई दे रहा युवक मोहल्ले का नहीं है तथा रात्रि करीब 11:30 बजे तक दोनों को घर से बाहर जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने आशीष जायसवाल की शिकायत पर आरोपी अंजली शर्मा तथा अज्ञात युवक पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किच्छा पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग,कल को हो सकता है मामले का खुलासा
विजयलक्ष्मी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में  मिली जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा आरोपी महिला एवं महिला के साथ दिखाई देने वाले युवक के बारे में अहम सुराग हाथ लग गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला नए-नए लोगों से दोस्ती कर उनसे पैसे ऐंठने का काम करती है। सूत्रों की माने तो जांच कर रही पुलिस टीम के हाथ आरोपी महिला और युवक तक पहुंच गए हैं और बुधवार को मामले का खुलासा भी किया जा सकता है।