Loksabha election 2024:  कन्नौज में बसपा समेत 13 प्रत्याशियों की जमानत राशि जब्त

Loksabha election 2024:  कन्नौज में बसपा समेत 13 प्रत्याशियों की जमानत राशि जब्त

कुल पड़े वैध मतों का 1/6वां हिस्सा मिलना होता है जरूरी, सपा व भाजपा के अलावा नोटा भी था 16वें नंबर पर 

कन्नौज, अमृत विचार। कन्नौज संसदीय क्षेत्र के चुनाव में सपा व भाजपा को छोड़कर बसपा समेत अन्य 13 प्रत्याशी अपनी-अपनी जमानते भी नहीं बचा सके। इसके लिए उम्मीदवारों को कुल पड़े वैध मतों का 1/6वां हिस्सा मिलना जरूरी होता है। ईवीएम से 23 मई को मतदान हुआ था। पोस्टल बैलेट को मिलाकर कुल 12 लाख 18 हजार 175 वोटरों ने वोट किया। इसमें 342 मत अवैध करार दिए गए। इस हिसाब से जमानत बचाने के लिए दो लाख दो हजार 972 मतों की जरूरत थी। इस आंकड़े को सपा व भाजपा ही पार कर सकी। 
 
सपा मुखिया अखिलेश यादव चुनाव जीतकर सांसद बन गए। उनको कुल छह लाख 42 हजार 292 मत मिले। मौजूदा सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक चार लाख 71 हजार 370 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे। इसके अलावा इमरान बिन जफर 81,639 को वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गए, लेकिन उनको इतने मत नहीं मिल सके कि जमानत राशि बच जाती। इसके अलावा राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रत्याशी आलोक वर्मा को 4492, भारतीय कृषक दल के प्रमोद यादव को 560, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी से शैलेंद्र कुमार 1151, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के सुनील को 739, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के सुभाष चंद्र को 801, निर्दलीय उम्मीदवारों में इरफान अली को 470, पुरुषोत्तम तिवारी को 543, भानु प्रताप सिंह दोहरे को 1432, यादवेंद्र किशोर यादव को 1062, राज कठेरिया को 1464, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से ललित कुमारी को 3267 व निर्दलीय सिनोद कुमार को 1733 मत मिले। इन सभी की जमानत राशि जब्त हो गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार ने बताया कि कुल मतों का प्रत्याशी को 1/6वां हिस्सा नहीं मिलता है तो उसकी जमानत राशि जब्त हो जाती है। उन्होंने बताया कि जमानत राशि 25-25 हजार रुपये जमा की गई थी। इस हिसाब से तीन लाख 25 हजार रुपये निर्वाचन विभाग के पास पहुंच गए हैं जो वापस नहीं किए जाएंगे। मांगने पर सपा व भाजपा को ही जमानत राशि वापस होगी। 

बिना वोट मांगे नोटा रहा चौथे नंबर पर 
ईवीएम में 16वें नंबर पर नोटा की जगह थी। मतगणना में उसका स्थान चौथे नंबर पर आया। उसे 4813 वोट मिले। इसमें 13 पोस्टल बैलेट से मिले। अन्य निर्दलीय व बिना मान्यता प्राप्त व छोटे दलों के प्रत्याशी नोटा से पीछे छूट गए। 

पोस्टल बैलेट में भी सपा अव्वल
पोस्टल बैलेट से कुल 3890 मत पड़े थे। इसमें 342 वोट कमियों के चलते निरस्त हो गए। 3548 मतों में 13 नोटा को चले गए। इसके अलावा सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव को 2085 और भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को 1239 वोट मिले। बसपा के इमरान बिन जफर को 168, आलोक वर्मा को आठ, प्रमोद यादव को तीन, शैलेंद्र कुमार को 10, सुनील को एक, सुभाष चंद्र को दो, इरफान अली को सात, पुरुषोत्तम तिवारी को दो, भानु प्रताप सिंह दोहरे को दो, सनोद कुमार, यादवेंद्र किशोर यादव व राज कठेरिया को एक-एक मत मिला। तीन वोट ललित कुमारी को मिले।

ये भी पढ़ें -PM पद से इस्तीफा देने के बाद मोदी का पहला रिएक्शन, कहा जीते हम, उछल रहे दूसरे