मोदी ने बिना भेदभाव सभी को दिया योजनाओं का लाभ :दारा सिंह चौहान

मोदी ने बिना भेदभाव सभी को दिया योजनाओं का लाभ :दारा सिंह चौहान

देवा/ बाराबंकी, अमृत विचार। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा सभी वर्गाें का ध्यान रखती है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिना भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ देने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी गरीबों के मसीहा हैं। कारागार मंत्री शनिवार को भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में भटेहटा स्थित साई मंडप में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार में विकास कार्यों ने नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। विकास की गंगा बह रही है। मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं पारदर्शिता के साथ जमीन पर उतरी है। राष्ट्र के प्रति मोदी जी का समर्पण का भाव है। वह सभी को लेकर एक साथ चलते हैं और बिना किसी भेदभाव के देखते हैं। उनकी योजना का लाभ आज समाज के निचले हिस्से के लोगो को भी मिल रहा है। सभी वर्गाें के लोगो को बराबर बराबर लाभ देने का अगर किसी सरकार ने किया है तो वो मोदी सरकार है। सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र को मोदी ने हकीकत बना दिया है। हमारा देश आज नई ऊंचाईयों को छू रहा है और देश में चारो ओर सडको के जाल बिछाने का कार्य भी डबल इंजन की सरकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने पूरी दुनिया के अंदर भारत के गौरव को बढाने का काम किया है। मोदी सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। भारत विश्व की पांचवी आर्थिक शक्ति बन चुका है। कोई देश भारत को आंख नही दिखा सकता है। चंद्रयान-2 को चांद पर पहुंचा कर भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर चुका है। निर्बाध गति से हो रहे विकास कार्याें को आगे जारी रखने के लिए हम सबको मिलकर पुनः मोदी सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरविन्द मौर्या ने की। संचालन रामसिंह चौहान ने किया। 

इस अवसर पर सीतापुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, जिला मंत्री सुमन चौहान, डीडीसी डब्बू चौहान, महामंत्री सन्दीप गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान, विस्तारक रामकृपाल मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नयन तिवारी, तुलसीराम, अरविन्द चौहान, रूपचन्द्र, उधम चौहान, पुष्पेन्द्र चौहान, महेन्द्र चौहान आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -लोहिया और अंबेडकर की विरासत को बचाना है, अम्बेडकरनगर में बोले अखिलेश, बीजेपी को 140 सीट के लिए भी तरसाएगी जनता