बरेली: सपा और कांग्रेस के पार्षदों की भी होगी परीक्षा, इंडिया गठबंधन ने मतदान बढ़ाने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी

बरेली: सपा और कांग्रेस के पार्षदों की भी होगी परीक्षा, इंडिया गठबंधन ने मतदान बढ़ाने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी

बरेली, अमृत विचार। इंडिया गठबंधन ने मतदान बढ़ाने की जिम्मेदारी अपने पार्षदों और संगठन के पदाधिकारियों को सौंपी है। फिलहाल सभी पार्षद और पदाधिकारी अपने इलाकों में मतदाताओं से संपर्क में जुटे हुए हैं। हालांकि यह मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि कौन पार्षद और पदाधिकारी अपने इलाके में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में कामयाब हुआ और कौन नहीं।

नगर निगम में फिलहाल सपा के 14 और कांग्रेस के तीन पार्षद हैं। कुछ निर्दलीय पार्षद भी इंडिया गठबंधन प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं। शहर के जिन इलाकों में सपा और कांग्रेस की स्थिति पहले से मजबूत है, उन इलाकों में इन पार्षदों का इम्तहान होना है। बिहारीपुर मेमरान के कांग्रेस के पार्षद मो. शाकिर कहते हैं कि गठबंधन की वजह से प्रवीण सिंह ऐरन का समर्थन कर रहे हैं। नगर निगम चुनाव में उनके वार्ड में 45 फीसदी मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव में वह इसे 55 फीसदी तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

घेर शेख मिठ्ठू के पार्षद सलीम पटवारी ने बताया कि नगर निगम चुनाव में वोटरलिस्ट ठीक नहीं थी, इस वजह से 42 फीसदी ही वोटिंग हुई थी। इस बार वोटरलिस्ट में वोट ज्यादा हैं। उन्हें मतदान प्रतिशत 50 प्रतिशत से ऊपर जाने की उम्मीद है। वह लगातार पर्चियां भी बांट रहे हैं। फरीदापुर चौधरी के कांग्रेस पार्षद मेहसर खां भी ऐरन के लिए मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके चुनाव में नौ हजार वोटों में से सिर्फ 3200 वोट पड़े थे। इस बार वोट प्रतिशत बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि कितना बढ़ेगा, यह अभी नहीं कह सकते।

बिधौलिया के पार्षद गुलबशर कहते हैं कि इस बार लड़ाई कड़ी है। उनके वार्ड में 68 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसे 70 प्रतिशत तक ले जाएंगे। निर्दलीय जीतकर सपा में पार्षद दल के नेता बने गौरव सक्सेना बताते हैं कि उनके वार्ड शास्त्रीनगर में जनता में उत्साह नहीं है। यहां हमेशा कम मतदान हाेता रहा है। मौलानगर के पार्षद उमान खान ने भाजपा के दिग्गज को हराया था। वह बताते हैं कि उनके वार्ड में मिलीजुली आबादी है। नगर निगम चुनाव में 12 हजार में से 1788 वोट उन्हें मिले थे। लोगों को जागरूक कर 70 फीसदी मतदान कराने का प्रयास कर रहे हैं।

ये भी पढे़ं-बरेली: गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने किया Road Show, बोले- इस बार चल रही परिवर्तन की हवा