अयोध्या: प्रबंधन व DIOS की रार में फंस गया बच्चों का भोजन, राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज का मामला

अयोध्या: प्रबंधन व DIOS की रार में फंस गया बच्चों का भोजन, राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज का मामला

अयोध्या, अमृत विचार। राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज के प्रबंधन और जिला विद्यालय निरीक्षक के बीच चल रही रार में बच्चे फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक की मोतीबाग शाखा द्वारा मिड-डे मील खाते के संचालन पर रोक लगा दी गई है। जिसके कारण बच्चों को मध्यान भोजन के लाले पड़ गए हैं।

इसे लेकर प्रधानाचार्य ने कालेज प्रबंधन और बैंक के बीच दुरभि संधि का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री समेत जिलाधिकारी और DIOS को पत्र भेजा है। बता दें कि राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को मिड डे मील प्रदान किया जाता है।

यहां करीब 95 छात्र है जो मध्यान्ह भोजन योजना से लाभान्वित होते हैं। इधर कालेज प्रबंधन और जिला विद्यालय निरीक्षक के बीच वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर लड़ाई शुरू हुई तो DIOS ने तत्काल वरिष्ठ शिक्षक उदय नारायण तिवारी को प्रधानाचार्य नियुक्त कर दिया।

इस बीच प्रबंधन ने उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक की मोतीबाग की शाखा में पत्र लिख कर खाता संचालन पर रोक लगवा दी। बैंक प्रबंधन ने बिना यह जाने की मिड डे मील का आहरण वितरण अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक होता है खाता बंद कर दिया। जिसके कारण मध्यान भोजन प्रभावित हो गया है।

प्रधानाचार्य उदय नारायण तिवारी ने पत्र में आरोप लगाया है जानबूझ कर प्रबंधक के दबाव और दुरभि संधि के कारण खाता बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मिड-डे मील जैसी महत्वपूर्ण योजना के संचालन में हस्तक्षेप का अधिकार बैंक को कदापि नहीं है।

बुधवार को प्रधानाचार्य ने बताया कि बीते आठ दिनों से व्यक्तिगत रूप से व्यवस्था कर बच्चों को मध्यान्ह भोजन योजना से आच्छादित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कालेज से जुड़े अन्य प्रकरण से मिड डे मील से कोई लेना-देना नहीं है।

कोट - खाते पर रोक की जानकारी हुई है। प्रबंध समिति के लोग अनाधिकृत रूप से हस्तक्षेप कर रहे हैं। बैंक को पत्र भेज दिया गया है। आहरण वितरण अधिकारी की अनुमति के बिना खाते पर रोक नहीं लगाई जा सकती है।-डाॅ राजेश कुमार आर्या, जिला विद्यालय निरीक्षक