अयोध्या : पहिले कय लेई गेहूं कय मंड़ाई, फिर करब मतदान 

अयोध्या : पहिले कय लेई गेहूं कय मंड़ाई, फिर करब मतदान 

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तारीख नजदीक आती देख गांव जवार के लोग चुनाव को लेकर काफी सतर्क दिखाई दे रहे हैं। इस समय सहालग भी बड़ी जबरदस्त है, फिर भी लोग खेती किसानी के कार्य को जल्दी से जल्दी निपटा लेना चाहते हैं। लोगों का मानना है कि चुनाव के एक सप्ताह पहले तक उनका खेती-किसानी का काम निपट जाये। यही वजह है कि किसान किसी भी कीमत पर गेहूं की मंड़ाई कर लेना चाहते हैं। इस समय खेत-खलिहान में दिन रात 2-4 ट्रैक्टर-थ्रेसर चलते दिख जाते हैं।

फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के ग्राम घुरेहटा निवासी किसान राम कलप तिवारी अपने खेत में गेहूं की मंड़ाई करवा रहे थे। खेत में जाकर जब उनसे पूछा गया कि दादा बड़ी तेजी से गेहूं की मड़ाई करवा ले रहे हैं तो उन्होंने कहा कि भैया पहिले गेहूं कय मड़ाई करवाय लेई, फिर इत्मीनान से वोट दिए जावा जाए।

महंगाई बहुत अहै, ना करब तौ खाब काव। वहीं पर गेहूं का बोझ ढो रहे बसवार कला निवासी बंसीलाल ने कहा कि सहालग तेज है। रिश्तेदारी में शादी है, लेकिन सोच रहे हैं कि जल्दी-जल्दी खेती किसानी का काम निपटा लिया जाय और चुनाव के समय हम सभी खाली रहें, केवल वोट ही देना रहे।

खेती किसानी का झंझट न रहे। तभी थ्रेसर में गेहूं लगा रहे, अमित कुमार ने कहा कि अबहीं चुनाव कय धमगजर कम अहै, चार दिन बाद लोग ज्यादा आवै जाय लगिहैं। यही लिए जल्दी-जल्दी गेहूं-भूसा निपटावै मा लाग हई। बगल के ही सुल्तानपुर गांव के रहने वाले विजय तिवारी कहते हैं कि चुनाव नजदीक है। सांड़ और नीलगाय का उत्पात ज्यादा बढ़ गया है। खड़ी फसल चौपट हो गई है। यही से हम मशीन से अपना दाना निपटा लिए।

हतवा के रहने वाले किसान कुलदीप शुक्ला बताते हैं कि सहालग और इलेक्शन के चक्कर में गेहूं की मड़ाई पिछड़ जाती, मंहगाई बहुत बिकराल है, केवल खेती से घर परिवार नहीं चलेगा। यही वजह से हमहूं आधा गेहूं मंजूरी से कटवाए और आधा मशीन से थ्रेडिंग करवा लिए। अब चुनाव बाद कहीं कुछ काम धाम के लिए निकलेंगे।

जानकी पंडित के पुरवा निवासी वीरेंद्र यादव ने कहा कि दो दिन से थ्रेसर के चक्कर में दौड़ रहे हैं। ट्रैक्टर थ्रेसर खाली नहीं मिला, अब कल हर हाल में अपना गेहूं मंड़ाई करवा लेंगे। कहा कि मौसम खराब हो रहा है और चार दिन बाद इलेक्शन होने वाला है। कहीं नौकरी चाकरी मिल नहीं रही है। यही सोच रहे हैं कि काम धाम सब निपटा रहे तो दर दुकान पर बैठकर राजनीति होगी और शान से जाकर मतदान करेंगे।

 

यह भी पढ़े :राजनाथ सिंह के नामांकन को लेकर सड़कों पर निकले समर्थक, रथ पर सवार राजनाथ का हो रहा स्वागत