बदायूं: पहले लोग मरते थे मनाते थे जश्न, आज पटाखा फटे तो सफाई देता फिरता है पाकिस्तान: CM योगी

बदायूं: पहले लोग मरते थे मनाते थे जश्न, आज पटाखा फटे तो सफाई देता फिरता है पाकिस्तान: CM योगी

बिल्सी, अमृत विचार। भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य के समर्थन में विधानसभा बिल्सी में जनसभा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। कहा कि 2014 से पहले तक जगह-जगह ब्लास्ट होते थे। भारत के लोगों के मरने पर पाकिस्तान जश्न मनाता था लेकिन आज अगर भारत में तेज आवाज में पटाखा भी फूटे तो पाकिस्तान सफाई देता फिरता है। 

कहा कि सपा अपनी हार मान चुकी है। इसलिए बार-बार प्रत्याशी बदल रही है। मेरठ, रामपुर के अलावा नामांकन के अंतिम दिन शाहजहांपुर से अपना प्रत्याशी बदल दिया। मंच पर सीएम को त्रिशूल भेंट किया गया।

बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में रंजना हॉस्पिटल के सामने मैदान में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव को भी सपा ने मजाक का विषय बना दिया। सपा ने इतनी बार अपना प्रत्याशी बदल दिया है कि मैदान में अखाड़ा सजाने से पहले ही सपा अपनी हार मान चुकी है। एक प्रत्याशी को टिकट दिया तो लगा कि वो बदायूं के अखाड़े में फिट नहीं होगा तो उसे मना कर दिया। 

फिर चाचा को दिया तो चाचा पर उम्र का ज्यादा बोझ आ गया तो चाचा ने पलायन कर लिया। अब भतीजे पर भरोसा किया है लेकिन भतीजे के पांव पहले ही उखड़ गए हैं। ऐसा सिर्फ बदायूं ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई जिलों में किया गया है। भाजपा ने क्षेत्र को जीवंत बनाए रखने के लिए मां गंगा की स्मृति को जीवंत बनाए रखते हुए गंगा एक्सप्रेस वे की सौगात दी है। यह क्षेत्र औद्योगिक विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बननने जा रहा है। जो जिलों और दिलों की दूरी कम करने में सहायक होगा। 

बदायूं हमेशा सकारात्मक शक्तियों के साथ रहा है। बहुत पहले से बदायूं का आशीर्वाद भाजपा को प्राप्त होता रहा है। पहले विस्फोट भारत में होता था और पाकिस्तान जश्न मनाता था लेकिन मोदी जी जब से प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला है तब से भारत में पटाखा भी तेज आवाज में फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि मेरा हाथ नहीं है। उन्होंने महापुरुषों को सम्मान देने के लिए उनके नाम पर पार्क और म्यूजियम बनवाने का वादा भी किया।

कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह के निधन पर सपा की ओर से कोई संवेदना का बयान नहीं आया लेकिन उसी पार्टी के अध्यक्ष माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने गए थे। जिनकी सेंपेथी माफिया को है, उन्हें वोट नहीं देना चाहिए। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि पीएम और सीएम ने देश व प्रदेश को विकास की प्रथम पंक्ति में लाकर सभी को गौरांवित किया है। अब हम सभी की बारी है। आपका एक-एक वोट 2047 में विकसित भारत के संकल्प की अवधारणा को सिद्ध करेगा।  

दुर्विजय के माध्यम से मोदी को जाएगा वोट
सीएम ने कहा कि आपका वोट दुर्विजय शाक्य के माध्यम से मोदी को जाएगा। दुर्विजय पूरे क्षेत्र में भाजपा के लिए काम कर रहे थे। उनसे कहा गया कि इस बार आप चुनाव लड़िये। जो उन्होंने सहज स्वीकार कर लिया और आपके बीच प्रत्याशी बनकर आए हैं। ऐसे में घर-घर जाना प्रत्याशी के लिए संभव नहीं होगा। आप घर-घर जाइये, एक-एक वोट को बूथ तक लाइये और चुनाव निशान कमल पर वोट दिलाइये।

गुंडई-पिछड़ेपन को समूल नास करूंगो : दुर्विजय
लोकसभा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य ने स्थानीय भाषा में संबोधित किया। कहा कि बदायूं ने पूर्व में जो दंगा झेला है वो सपा की देन था। सपा की देन है जो बदायूं आज तक पिछड़ा है लेकिन आज आपसे मैं कहन चाहतो हौं कि 40 साल बाद आपको घरउआ चुनाव लड़ रओ है। 40 सालन के बाद अवसर मिलो है जो सांसद को नजदीक से देखौगे हाथ उठाके आशीर्वाद देयो। सपा ने जो गुंडई व पिछड़ापन लागू करो है बाको समूल नाश करूंगो। नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराना जिम्मेदारी होगी। इंडस्ट्रीयल कारीडोर बनवाऊंगा। आपके बालकन की सादी में दावत देयोगे तो दावत खाउन जरूर आंगो।

नामचीन लोग भाजपा से जुड़े, अन्य को भी दिलाई सदस्यता
बिल्सी क्षेत्र की नामचीन हस्तियों के साथ समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। सीएम की जनसभा के दौरान बसपा से बिल्सी विधानसभा से प्रत्याशी ममता शाक्य ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष व बसपा के जिला प्रभारी रामेश्वर शाक्य, सालारपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुड्डू गाजी उर्फ असगर हुसैन, जन अधिकार पार्टी के पूर्व जिला प्रभारी हरविलास शाक्य, बसपा के पूर्व विधानसभा प्रभारी गजेंद्र सिंह तोमर भाजपा में शामिल हुए। 

इनके अलावा चरसौरा के प्रधान राजपाल मौर्य, दुधौनी के पूर्व प्रधान मुशाहिद मलिक, मिठामई के प्रधान अरविंद शाक्य, सिरासौल सीताराम के प्रधान चंद्रपाल शाक्य, सिरासौल कुमरसहाय के प्रधान नरेश शाक्य, महलोली के प्रधान हरपाल सागर, नीरज मौर्य, हुकुम सिंह, मोहन शाक्य, ब्रजपाल, तिलक सिंह सागर, अमरचंद कोली, जितेंद्र शाक्य और पप्पू शाक्य आदि ने भाजपा को जिताने का संकल्प लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत किया। 

जनसभा के दौरान यह जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जनसभा कार्यक्रम में मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, एमएलसी वागीश पाठक, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व मंत्री अजीत यादव राजू, पूर्व मंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के साथ पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, डीके भारद्वाज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चन्द्रा, राजेश यादव, पूर्व चेयरमैन सुषमा मौर्य, जेके सक्सेना, योगेंद्र तोमर, डॉ. वीपी सिंह सोलंकी, जेपी सोलंकी, सत्यवीर सिंह, मुनीष राघव, उमेश राठौर, सुखबीर सिंह चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जनसभा का संचालन आचार्य संजीव रूप ने किया।

ये भी पढे़ं- बदायूं: डंपिंग ग्राउंड में महीनों से सुलग रही आग, जहरीला धुआं फैला रहा बीमारियां