बदायूं: परिषदीय स्कूलों में शुरू होगा स्कूल चलो अभियान, बच्चों के नामांकन पर दिया जाएगा जोर

बदायूं: परिषदीय स्कूलों में शुरू होगा स्कूल चलो अभियान, बच्चों के नामांकन पर दिया जाएगा जोर

बदायूं, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए गांव गांव स्कूल चलो अभियान की शुरूआत की जाएगी। यह अभी तक लोकसभा चुनाव की तैयारी के चलते ठंडा पड़ा था। जिसके शुरू करने के आदेश बीएसए को शासन की ओर से मिले हैं। बीएसए ने सभी बीईओ और शिक्षकों को शासन की मंशा से अवगत करा दिया है।

नया शैक्षिक सत्र शुरू होते ही बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की जाती है। इस अभियान के तहत छह से 14 साल के बच्चों का स्कूलों में नामांकन किया जाता है। शैक्षिक सत्र शुरू हुए एक माह से अधिक का समय बीत गया। बताया जा रहा है कि  लोकसभा चुनाव की वजह से इस अभियान को लेकर चर्चा नहीं हुई थी। इसी के चलते गतिविधियां ठंडी पड़ी हुई थीं। 

स्कूल चलो अभियान की गतिविधियां ठंडी पड़ी होने की वजह से स्कूलों में बच्चों की नामांकन गति धीमी पड़ी हुई थी। जिसका संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा सचिव की ओर से स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में पड़ रही भीषण गर्मी में शिक्षकों को गांव में घूमना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। वहीं 15 दिन के बाद छुट्टियां पड़ने से अभियान बंद हो जाएगा। 

हालांकि शासन से आदेश प्राप्त होने के बाद बीएसए स्वाती भारती ने सभी बीईओ व शिक्षकों को इस कार्यक्रम की शुरुआत करने के आदेश दिए हैं। बीएसए स्वाती भारती ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करने के लिए बीईओ शिक्षकों से कहा गया है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: गेहूं निकासी के दौरान साड़ी से लगा फंदा, महिला की मौत