पीलीभीत: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगी ईवीएम, आवाजाही पर भी लगा प्रतिबंध

पीलीभीत: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगी ईवीएम, आवाजाही पर भी लगा प्रतिबंध

पीलीभीत,अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पीलीभीत सीट पर मतदान होने के बाद ईवीएम मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। स्ट्रांग रूम को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में लेने के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

सुरक्षा में स्थानीय पुलिस बल के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर समय-समय पर इसकी निगरानी करेंगे। परिसर में आम आदमी की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।

पीलीभीत लोकसभा सीट पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। जनपद की चारों विधानसभा पीलीभीत, बरखेड़ा, पूरनपुर एवं बीसलपुर में हुए चुनाव के बाद ईवीएम देर रात मंडी समिति परिसर पहुंचा दी गई। जहां सभी ईवीएम को विधानसभावार स्ट्रांग रूमों में रखवाकर सील करवा दिया गया। इसी स्थल पर चार जून को मतगणना होनी है। स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। स्ट्रांग रूमों को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में लिया गया है।  

स्ट्रांग रूम के बाहर पैरा मिलिट्री फोर्स के दो सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं। वहीं तीसरा सुरक्षा घेरा स्थानीय पुलिस का है। वहीं स्ट्रांग रूमों एवं आसपास क्षेत्र में 160 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। संबंधित परिसर में बैरीकेडिंग कर आम आदमी की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। बाहरी सुरक्षा घेरे में तैनात स्थानीय पुलिस अफसर परिसर में आने वालों के आई कार्ड जांचने के बाद ही जाने की इजाजत दे रहे हैं। स्ट्रांग रूम अब तभी खुलेंगे, जब मतणगना होगी। शनिवार को डीएम संजय कुमार सिंह ने स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

बहेड़ी विधानसभा की ईवीएम बरेली में रखवाई
बता दें कि पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में  जनपद की चार विधानसभाओं के अलावा बरेली जिले की बहेड़ी विधानसभा भी शामिल हैं। वहां पर हुए मतदान से जुड़ी ईवीएम को बरेली प्रशासन ने अपनी देखरेख में रखवाया है। बहेड़ी विधानसभा से संबंधित ईवीएम बरेली प्रशासन ने वहां पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाई हैं। इनकी मतगणना भी बरेली में ही होगी।

63.11 प्रतिशत रहा पीलीभीत में मतदान
जिला प्रशासन की ओर से पीलीभीत सीट पर शुक्रवार को हुए मतदान का प्रतिशत तो जारी कर दिया था। मगर देर रात तक उसमें आंशिक बदलाव होता रहा। दूसरे दिन शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह की ओर से मतदान प्रतिशत को लेकर पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट कर दी गई। पीलीभीत सीट पर 2024 के लोकसभा चुनाव में कुल 63.11 प्रतिशत मतदान हुआ है।  इससे पहले शुक्रवार रात प्रशासन की ओर से पहले 63.39 प्रतिशत और फिर देर रात 61.91 प्रतिशत मतदान होने की बात कही थी। हालांकि उस दौरान भी आंशिक बदलाव होने की उम्मीद जता दी थी।  

चुनाव संपन्न होने के बाद देर रात्रि तक ईवीएम सुरक्षित जमा हो गई। सभी ईवीएम को विधानसभावार स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे लगाकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। मतगणना वाले दिन ही कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को बाहर निकाला जाएगा। पीलीभीत में कुल 63.11 प्रतिशत मतदान हुआ है।  - संजय कुमार सिंह, डीएम

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: यूपी में अमन ने हासिल किया सातवां स्थान, बनना चाहते हैं आईएएस