Kanpur: हज पर कैसे रहना है, दिनचर्या क्या होगी?...बताएंगे चयनित प्रशिक्षक, हज के लिए जाने वाले जायरिनों को देंगे ट्रेनिंग

Kanpur: हज पर कैसे रहना है, दिनचर्या क्या होगी?...बताएंगे चयनित प्रशिक्षक, हज के लिए जाने वाले जायरिनों को देंगे ट्रेनिंग

कानपुर, अमृत विचार। इस साल हज के लिए 703 जायरीन मक्का जाएंगे। जिनके प्रशिक्षण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रशिक्षण के लिए शहर में दो सेंटर जाजमऊ व बासमंडी में निर्धारित किए गए हैं। जहां चयनित किए गए चार प्रशिक्षक जायरीनों को प्रशिक्षण दिलाएंगे। 

जून माह में बकरीद के बाद हज की तारीखें निर्धारित हो जाएंगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि इस साल प्राप्त आवेदनों में 703 जायरीनों का हज पर जाने के लिए चयनित किया गया है। जिनके प्रशिक्षण के लिए शहर में दो सेंटर बनाए गए हैं। पहला डीटीएस इंटर कालेज, जाजमऊ और दूसरा सोहन लाल कंपाउंड में स्थित गरीब नवाज मैरिज हाल बांसमंडी है। 

यहां चार प्रशिक्षक शारिक मुख्तार, सैय्यद मोहम्मद आकिब, आतिक सिद्दीकी व मोहम्मद नाजिर खान रहेंगे जो जायरीनों को प्रशिक्षण देंगे। एक प्रशिक्षक पर 150 जायरीनों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने बताया यह सभी जानकारी राज्य हज समिति के सचिव को भेज दी गई है। 

तारीख निर्धारित होते ही प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। जिसमें जायरीनों को बताया जाता है कि हज पर कैसे रहना है, दिनचर्या क्या होगी, वहां भाषा की समस्या सामने आती है, उससे कैसे निपटे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वैक्सीनेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि बकरीद के बाद जुलाई में हज की तारीख घोषित होने की संभावना है। बताया कि सभी जायरीनों ने हज का भुगतान कर दिया है। 

बीते साल से घटे हज यात्री 

बीते साल हज के लिए 868 लोगों ने आवेदन किए थे। हज का किराया महंगा होने से करीब 25 जायरीनों ने यात्रा रद्द कर दी थी। 843 लोग हज पर गए थे। इस बार हज यात्रियों की संख्या में 140 की कमी आई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: हर महीने तीन पैमानों पर परखे जाएंगे स्कूल; बोर्ड को भेजी जाएगी रिपोर्ट, इन दिन से शुरू होगा निरीक्षण...