शाहजहांपुर: क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर, 1244 पोलिंग प्लेस से होगी वेबकास्टिंग

वेब कास्टिंग वाले मतदेय स्थलों पर की होगी विशेष निगरानी

शाहजहांपुर: क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर, 1244 पोलिंग प्लेस से होगी वेबकास्टिंग

शाहजहांपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। प्रशासन ने क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों की सूची जारी कर दी है। जिले में 404 क्रिटिकल और 323 वल्नरेबिल मतदेय स्थल हैं। इन पर प्रशासन के साथ-साथ पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी। इसके साथ ही 1244 मतदेय स्थलों से वेबकास्टिंग होगी ताकि गड़बड़ी की कोई आशंका न रहे।

लोकसभा चुनाव 2024 में 23 लाख 22 हजार 102 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रशासन ने बीते दिनों जिले के 2481 मत स्थलों पर अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन कर दिया था। बीते चुनाव में जहां 22 लाख 18 हजार 224 मतदाता थे, वहीं अब यह संख्या 23 लाख 22 हजार 102 हो गई है। पुनरीक्षण से जिले में 103878 मतदाता बढ़े हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। पुरुष मतदाताओं की संख्या में जहां 41655 की वृद्धि हुई है, वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 62244 बढ़ी है। हालांकि तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या में 21 की कमी आई है। हर चुनाव में क्रिटिकल और वल्नरेबिल मतदेय स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाती है। 

चुनाव शांतिपूर्ण निपटे इसको लेकर बीते दिनों प्रशासन ने तमाम अपराधियों को जिले से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। साथ ही उनकी दूसरे जिले में निगरानी भी की जा रही है ताकि यहां का बदमाश दूसरे जिले में किसी वारदात को अंजाम न दे सके। इसी क्रम में क्रिटिकल और वल्नरेबिल मतदेय स्थलों पर सतर्कता रखने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। ऐसे स्थलों पर विशेष सावधानी बरती जाएगी। ऐसे लोग जिनके चुनाव में गड़बड़ी करने की आशंका है। उन्हें मुचलका पाबंद किया जाएगा। साथ ही मतदान के दौरान पुलिस और पीएसी का विशेष इंतजाम रहेगा।

कहां कितने क्रिटिकल और वल्नरेबिल मतदेय स्थल

विधानसभा का नाम  / कुल मतदान केंद्र / क्रिटिकल स्थल/ वल्नरेबिल स्थल
131- कटरा/ 315 / 34 /73
132- जलालाबाद/ 308 / 78 /29
133- तिलहर/ 299 / 51 /52
134–पुवायां/ 346 / 89 /57
135-शाहजहांपुर/ 163 / 98 /51
136- ददरौल/ 361 / 54 /61
योग/           1792 / 404 /323

जिले में कुछ मतदेय स्थल क्रिटिकल और वल्नरेबिल की श्रेणी में हैं। इनके साथ-साथ सभी मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।- संजय कुमार पांडेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: आकाशीय बिजली गिरने से बच्चे और बकरी की मौत, परिवार में मचा कोहराम