ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होगा हल्द्वानी बस अड्डा

हल्द्वानी, अमृत विचार। आखिरकार चार महीने के बाद अस्थायी बस अड्डे के लिए जगह मिल गई है। बस अड्डे को अस्थायी तौर पर शिफ्ट करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर की 1.23 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। यहां से लगभग तीन वर्ष तक के लिए अस्थायी बस अड्डा संचालित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत तहसील, बस अड्डा को मिलाकर एक बहुद्देश्यीय भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए तहसील, बस अड्डे, उप कोषागार, सब रजिस्ट्रार दफ्तर को शिफ्ट किया जाना है। बस अड्डे को छोड़कर सभी दफ्तरों के लिए जगहों का चयन कर लिया गया है।
इधर, डीएम के निर्देशानुसार, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के नेतृत्व में एशियन डेवलपमेंट बैंक, परिवहन निगम के अधिकारियों ने बुधवार को अस्थायी बस अड्डा बनाने के लिए शहर में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम टीम महात्मा गांधी इंटर कॉलेज पहुंची। यहां तकनीकी दिक्कतों की वजह से मना कर दिया गया। वहीं, 100 मीटर लंबाई और 40 मीटर चौड़ाई का भी मानक पूरा नहीं हो रहा था।
फिर टीम एचएन इंटरकॉलेज पहुंची, यहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित के साथ ही कई अन्य तकनीकी खामियां सामने आईं। इसके बाद टीम ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची। यहां लगभग 1.23 एकड़ भूमि पर कूड़ा वाहन खड़ा होते हैं। इस भूमि बसों की पार्किंग, संचालन, शहर से दूरी वगैरह सभी समुचित व्यवस्थाएं थीं और सभी मानक भी पूरे हो रहे थे।
जिसके बाद रोडवेज अधिकारियों ने टीपी नगर से अस्थायी बस अड्डा चलाने पर सहमति जता दी है। टीपी नगर में 1.23 एकड़ भूमि पर बस अड्डा संचालित होगा। भूमि पर नगर निगम का मालिकाना हक है इसलिए निगम से अनापत्ति ली जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही बस अड्डा यहां शिफ्ट किया जाएगा। तीन वर्षों तक बस अड्डा संचालित होगा।
अगले हफ्ते दून से आएगी टीम, 70 बसों का होगा संचालन
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, अस्थायी बस अड्डे से 70 बसों का संचालन होगा। इनमें 30-35 बसों की पार्किंग और इतनी ही बसों की आवाजाही की जाएगी। इधर, रोडवेज के उच्च अधिकारियों की टीम अगले सप्ताह पहुंच सकती है जो चयनित स्थान का स्थलीय निरीक्षण करेगी।
डीएम के निर्देशानुसार, संयुक्त समिति ने अस्थायी बस अड्डे के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में एक एकड़ से अधिक भूमि का चयन किया गया है। अभी वहां कूड़ा वाहन खड़ा होते हैं। वहां बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर बनने और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अस्थायी बस अड्डा संचालित किया जाएगा।
ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी
18 फरवरी को सीएम कर सकते हैं हिल डिपो का शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी 18 फरवरी को काठगोदाम में हिल डिपो का शिलान्यास कर सकते हैं, इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह डिपो पूर्व परिवहन मंत्री स्व. चंदनराम दास का ड्रीम प्रोजेक्ट है। हिल डिपो बनने के बाद पर्वतीय रूट की बसें यहीं से संचालित होगी।