मुरादाबाद: 94 साल के सासंद बर्क की तबीयत में सुधार, विधायक और पौत्र जिया ने दी जानकारी

मुरादाबाद, अमृत विचार। संभल से सपा सांसद शफीक उर रहमान बर्क की चार दिन पहले तबीयत खराब होने की वजह से मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
उनके स्वास्थ्य खराब होने की खबर के बाद मुरादाबाद और उसके आसपास से उनके चाहने वालों और राजनीतिक लोगों का अस्पताल में जमावड़ा लग गया। आज उनकी तबीयत में सुधार की खबर मिली है। मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा से सपा के विधायक और उनके पौत्र जिया उर रहमान ने उनकी तबीयत में सुधार होना बताया है।
उन्होंने बताया उनका स्वास्थ्य काफी समय से खराब चल रहा था। मुरादाबाद में भर्ती कराने से पहले उनका इलाज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में हो रहा था। तबीयत में सुधार होने की वजह से उन्हें चार दिन पहले मुरादाबाद के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कल उनकी तबीयत एक बार फि अचानक से बिगड़ गई थी। उन्हे किडनी और लंग्स में इन्फेक्शन होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि देर शाम उनके स्वास्थ्य में सुधार होता गया। अब उनकी हालत में सुधार है।
आपको बता दें 94 साल के संभल से पांच बार के सांसद और चार बार के विधायक पार्लियामेंट में सबसे बुजुर्ग सांसद हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनकी तारीफ कर चुके हैं। शफीक उर रहमान उन मुस्लिम नेताओं में से हैं जो बेबाकी से अपनी बात कहते हैं। सपा ने इस बार उन्हें लोकसभा प्रत्याशी घोषित किया है। मुरादाबाद के निजी हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में शफीक उर रहमान भर्ती हैं। उनके पौत्र और सपा विधायक ज़िया उर रहमान बर्क उनकी देखरेख कर रहे हैं। जबकि जिया उर रहमान की बहन डॉक्टर राबिया की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
ये भी पढे़ं- मुरादाबाद: 133 साल पुरानी बाबूराम की दुकान की जलेबी और मूंग की दाल आपको बना देगी दीवाना, एक बार खाएंगे बार बार आएंगे