रुद्रपुर: गन्ने के दाम घोषित नहीं होने से किसानों में आक्रोश
.jpeg)
रुद्रपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान संघ ने ग्राम बागवाला में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पदाधिकारियों ने सदस्यता को लेकर चर्चा की। साथ ही प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग की। जल्द रेट नहीं बढ़ने पर हरिद्वार की तर्ज पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को भारतीय किसान संघ के सहमंत्री योगेश तिवारी के आवास पर पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए सदस्यता कार्यक्रम को जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया। संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णकांत तिवारी ने कहा कि कई राज्यों में गन्ने के मूल्यों में वृद्धि हो चुकी है, लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक गन्ने के बढ़े रेट घोषित नहीं किये हैं।
उन्होंने गन्ने के रेट तय नहीं होने से किसानों में असमंजस की स्थिति है। गन्ने के रेट नहीं बढ़ेंगे तो किसानों को काफी नुकसान होगा और लागत भी निकलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने किसानों के हित में जल्द से जल्द गन्ने के रेट घोषित करने की मांग की। इस अवसर पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर शाही, महामंत्री कुंवर पाल, कोषाध्यक्ष नवनित मिश्रा, नितिन शाही, ज्योति मिश्रा, रिंकू शुक्ला, सरदार जोगेंद्र सिंह, श्याम सिंह, देवेंद्र मलिक, अभय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।