लखनऊ: राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के समर्थन में कांग्रेसियों ने निकाला मशाल जुलूस
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से झंडेवाला पार्क तक पैदल मार्च कर निकाली मशाल यात्रा
.jpg)
अमृत विचार, लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाई जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समर्थन में रविवार शाम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से न्याय की मशाल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में कांग्रेस के लखनऊ जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश त्रिपाठी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से मशाल जलाकर पैदल मार्च और नारेबाजी करते हुए अमीनाबाद के झंडे वाले पार्क तक यात्रा निकाली। बता दें कि कांग्रेस की मशाल यात्रा कांग्रेस पार्टी कार्यालय से निकलकर उदयगंज, बर्लिगटन चौराहा, कैसरबाग चौराहा होते हुए झंडे वाला पार्क अमीनाबाद पहुंची।
प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ के समर्थन में सायं 6ः00 बजे ‘‘न्याय मशाल यात्रा’’ निकाली गई। प्रवक्ता ने आगे बताया कि ‘‘न्याय मशाल’’ पदयात्रा में प्रमुुख रूप से पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व विधायक राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, इन्दल रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, उपाध्यक्ष, प्रभारी प्रशासन दिनेश कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी समेत सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
वहीं जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में देश के सभी जिला मुख्यालयों से 5 किलोमीटर की मशाल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के लोग राहुल गांधी के साथ उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि रविवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की है। इस न्याय यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए है।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: उत्तरायणी कौथिग 2024 का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया शुभारंभ, पहाड़ी धुन पर थिरकी महिलाएं