मुरादाबाद : उत्तरांचल संपर्क क्रांति निरस्त, लंबी दूरी की ट्रेनों का इंतजार....ठंड में ठिठुरे लोग
हेडलाइट जलाकर चल रहे वाहन, अधिकतम तापमान 21 डिग्री पर लुढ़का, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस

मुरादाबाद। काठगोदाम और रामनगर से चलकर दिल्ली को जोड़ने वाली उत्तरांचल संपर्क क्रांति के दोनों फेरे गुरुवार को निरस्त रहे। इससे लोकल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही गुरुवार की सुबह कोहरे से ढकी रही। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली ठंडी हवा से लोग ठिठुर गए।
उधर, काठगोदाम सुपरफास्ट, लालकुआं एक्सप्रेस और डबल डेकर के निरस्त होने से यात्री रेलवे से गुस्से में हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों ने फिर विलंब से चलने का रिकॉर्ड बनाया। लोहित एक्सप्रेस 6 घंटा 39 मिनट, सियालदह 4 घंटे 35 मिनट, लिंक एक्सप्रेस 6 घंटा 51 मिनट, चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2 घंटा 38 मिनट, अवध असाम 2 घंटे, अपसाइड की राजधानी 2 घंटे तथा अमृतसर एक्सप्रेस के ढाई घंटे विलम्ब से चलने की सूचना प्राप्त है। लंबी दूरी की ट्रेनों के विलम्ब से ठंड में यात्रियों की दिक्कत बढ़ गई है।
कोहरे से जनजीवन प्रभावित, दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी
गुरुवार की सुबह कोहरे से ढकी रही। दृश्यता कम होने से सुबह सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। हेडलाइट जलाकर वाहन चले। दोपहर में भी धूप न निकलने से गलन बढ़ गई है। बुधवार की देर रात में घना कोहरा छाया हुआ था। जो गुरुवार सुबह और बढ़ गया। सुबह आठ बजे तक दृश्यता काफी कम रही।
अधिकतम तापमान 21 डिग्री पर लुढ़का। जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 66 प्रतिशत रहा। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली ठंडी हवा से लोग ठिठुरे। स्कूल जाने वाले बच्चों को इससे अधिक परेशानी हुई। कई आटो व ई-रिक्शा चालकों ने परदा लगाकर यात्रियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड से बचाने की जतन की। हाईवे पर भी वाहनों की गति कम रही। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर यात्रियों को ठंड में ट्रेन और बस का इंतजार करना भारी पड़ा। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के रिटायर्ड प्रोफेसर मौसम विशेषज्ञ डा. आरके सिंह का कहना है कि कोहरा जारी रहेगा। कहीं घना व कहीं मध्यम कोहरा रहेगा। 30-31 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे, कहीं छिटपुट बारिश भी हो सकती है। लोगों को ठंड से बचने का उपाय करना होगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अधूरी रह गई आस...जेल निर्माण में एस्टीमेट की स्वीकृति बनी रोड़ा, एक्स-रे मशीन भी नहीं मिली