अयोध्या: गन्ने के खेत में मिला महिला का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

महराजगंज थाना क्षेत्र के समैसा गांव का मामला, बच्चों ने देखा शव, हुए खौफजदा

अयोध्या: गन्ने के खेत में मिला महिला का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

अयोध्या। महराजगंज थाना क्षेत्र के समैसा गांव में गुरुवार को एक गन्ने के खेत में विवाहित महिला का शव पाया गया है। मृतका के चेहरे पर किसी धारदार हथियार से दो या तीन वार के निशान पाए गए हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका गांव की न होकर कहीं बाहर की है। इसीलिए हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

समैसा गांव में गुरुवार दोपहर कुछ बच्चे बकरी चराने गए थे। इसी दौरान कुछ बकरियां गन्ने के खेत में घुस गई। जब बच्चे बकरी निकालने गए तो वहां शव पड़ा देख डर गए। खेत के बगल में ही  घास काट रहीं महिलाओं को बच्चों ने सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर महाराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार मृतक महिला के चेहरे पर गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं। थाना अध्यक्ष महाराजगंज अमरजीत सिंह ने बताया मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है, प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला के गले में मंगलसूत्र पाया गया है इसलिए उसके विवाहित होने की बात सामने आ रही है। मृतका आसपास के इलाके की नहीं है।

यह भी पढ़ें:-संत कबीर नगर: सीएम योगी का ऐलान- बखिरा के पीतल बर्तन उद्योग को विश्वकर्मा योजना से जोड़ा जाएगा